दो पक्षों में खूनी संघर्ष, कई लोग घायल, दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज
बिल्हौर थाना क्षेत्र के ग्राम गौरी में बल्ली गाड़ने को लेकर हुआ विवाद देखते-देखते हिंसक झड़प में बदल गया। घटना रविवार सुबह की है, जिसमें एक ओर महिला गंभीर रूप से घायल हुई तो दूसरी ओर युवक के सिर पर गंभीर चोट आई। मामले में दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने अलग-अलग अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक पक्ष से गांव निवासी पुष्पा पत्नी रामबहादुर ने आरोप लगाया कि वह अपने जानवरों के ऊपर तिरपाल डालने के लिए बल्ली गाड़ रही थी। इसी दौरान पड़ोसी सुनील पुत्र रामलाल, उसकी पत्नी अर्चना, ऋषि पुत्र प्रकाश और कृष्णा पुत्र पिंटू लाठी-डंडा लेकर मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। डंडे से वार होने पर पुष्पा का हाथ फट गया। बीच-बचाव में आई उसकी बेटियों मोनिका और सोनिका को भी पीटा गया। शोर सुनकर ग्रामीण पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
वहीं दूसरे पक्ष से सुनील कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि रामबहादुर, उसकी पत्नी पुष्पा और पुत्र मोनिका ने जबरन उसके घर के बाहर बल्ली गाड़नी शुरू की। विरोध करने पर तीनों ने मिलकर उसके साथ लात-घूंसे चलाए। आरोप है कि रामबहादुर ने जान से मारने की नीयत से लाठी से उसके सिर पर वार किया, जिससे उसका सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने दोनों पक्षों का मेडिकल परीक्षण कराते हुए संबंधित धाराओं में क्रॉस केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी के अनुसार, मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
