कानपुर; दिनांकः 25.12.2025

क्रिसमस पर सैंटा ने कानपुर मेट्रो में यात्रियों संग किया सफर, बच्चों में बांटी टॉफियां

 

बड़ा चौराहा मेट्रो स्टेशन पर एनजीओ से जुड़े वंचित वर्ग के बच्चों के लिए मेट्रो जॉय राइड व चित्रकला गतिविधि का आयोजन

 

क्रिसमस के अवसर पर आज कानपुर मेट्रो में उत्सव का माहौल देखने को मिला। सैंटा क्लॉज ने मेट्रो ट्रेन में यात्रियों के साथ सफर किया और बच्चों सहित यात्रियों को टॉफियां बांटकर क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर कानपुर मेट्रो ने बच्चों के लिए कार्यरत संस्था ‘मां तुझे सलाम’ के सहयोग से नि:शुल्क मेट्रो जॉय राइड और ‘सैंटा इन मेट्रो’ थीम पर चित्रकला गतिविधि का भी आयोजन किया।

 

क्रिसमस के अवसर पर बड़ा चौराहा मेट्रो स्टेशन को विशेष रूप से सजाया गया था। क्रिसमस ट्री, स्नोमैन और सैंटा से सजे सेल्फी प्वाइंट को यात्रियों ने खूब सराहा और उत्साह के साथ सेल्फी लीं। मेट्रो से यात्रा करने आए यात्रियों की खुशी उस समय और बढ़ गई, जब उन्होंने पारंपरिक लाल पोशाक, सफेद दाढ़ी और टॉफियों से भरा थैला लिए सैंटा को अपने बीच पाया। सैंटा ने पूरे उत्साह के साथ यात्रियों को क्रिसमस की बधाई दी और टॉफियां वितरित कीं।

 

इस अवसर पर ‘मां तुझे सलाम’ संस्था और कानपुर मेट्रो के संयुक्त तत्वावधान में जरूरतमंद बच्चों के लिए गीता नगर से बड़ा चौराहा स्टेशन तक मेट्रो जॉय राइड आयोजित की गई। लगभग 40 बच्चों ने बड़ा चौराहा स्टेशन पर ‘सैंटा इन मेट्रो’ थीम पर आकर्षक चित्र बनाए। कार्यक्रम के समापन पर बच्चों को सैंटा द्वारा कलर पेंसिल, स्नैक बॉक्स और टॉफियां वितरित की गईं।

 

कानपुर मेट्रो ने नए साल और क्रिसमस के स्वागत की तैयारियां कीं

नए साल के अवसर पर कानपुर मेट्रो द्वारा आने वाले दिनों में बैंड परफॉर्मेंस, संगीत संध्या और रंगोली जैसी विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस माह के आरंभ में कानपुर सेंट्रल, बड़ा चौराहा और मोतीझील मेट्रो स्टेशनों पर जनवरी 2026 के मध्य तक चलने वाले पुस्तक मेलों की शुरुआत की गई है। नए साल के स्वागत में बड़ा चौराहा मेट्रो स्टेशन पर 28 एवं 31 दिसंबर को संगीत संध्या और बैंड परफॉर्मेंस का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, विभिन्न मेट्रो स्टेशनों पर रंगोली प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *