साथ लिया सफर, जेब हुई बेखबर लुट गया युवक

 

लिफ्ट के बहाने जेब काटकर उड़ाए 15 हजार, इलाज को जा रहे युवक से ठगी

 

बिल्हौर। कस्बे में बाइक सवार दो शातिर युवकों ने लिफ्ट देने के बहाने एक व्यक्ति की जेब काटकर 15 हजार रुपये उड़ा लिए। पीड़ित यह रकम अपने रिश्तेदार के ऑपरेशन के लिए लेकर अस्पताल जा रहा था। रसूलाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत कनपटियापुर गांव निवासी योगेन्द्र कुमार पुत्र हरीकिशन ने बताया कि उनके एक रिश्तेदार का कानपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है, जिसके लिए तत्काल आर्थिक सहायता की आवश्यकता थी। इसी सिलसिले में वह 15 हजार रुपये लेकर रेलवे स्टेशन जाने के लिए निकले थे।योगेन्द्र जब बिल्हौर के ककवन रोड चौराहे पर पहुंचे, तभी बाइक पर सवार दो युवकों ने उनसे बांगरमऊ जाने का रास्ता पूछा। रास्ता बताने के बाद युवकों ने उनसे भी उसी दिशा में जाने की बात कहकर रेलवे स्टेशन तक छोड़ने की पेशकश की। विश्वास में आकर योगेन्द्र बाइक पर बैठ गए।युवकों ने उन्हें रेलवे स्टेशन के सामने उतार दिया और वहां से चले गए। स्टेशन पहुंचकर जब योगेन्द्र ने टिकट लेने के लिए जेब में हाथ डाला तो उनके होश उड़ गए। उनकी जेब कटी हुई थी और उसमें रखे 15 हजार रुपये गायब थे।पीड़ित ने काफी तलाश के बाद बिल्हौर थाने पहुंचकर घटना की तहरीर दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की तलाश का भरोसा दिलाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *