अधिवक्ता कल्याण योजनाओं पर मुख्यमंत्री से मुलाकात, प्रस्ताव पर विचार का आश्वासन

 

कानपुर अधिवक्ताओं के हित में कई बड़े प्रस्ताव लेकर एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार, 26 दिसंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की। इस प्रतिनिधिमंडल में कानपुर के गोविंद नगर विधायक सुरेन्द्र मैथानी और अधिवक्ता पंडित रवीन्द्र शर्मा शामिल थे।

 

बैठक के बाद आज, शुक्रवार 27 दिसंबर को मीडिया से बात करते हुए अधिवक्ता रवीन्द्र शर्मा ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष अधिवक्ता समुदाय की सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी छह प्रमुख मांगें रखीं। इनमें अधिवक्ता स्वास्थ्य बीमा योजना (आयुष्मान योजना से जोड़ना), अधिवक्ता पेंशन योजना, युवा अधिवक्ता प्रोत्साहन योजना, महिला अधिवक्ता सशक्तिकरण योजना में 30% आरक्षण, अधिवक्ता संरक्षण कानून लागू करना और अधिवक्ता कल्याण निधि की परिपक्वता राशि बढ़ाना शामिल है।श्री शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन सभी प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार करने और सम्बंधित विभागों से परामर्श करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के रुचिकर एवं सहानुभूतिपूर्ण रवैये से उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही उत्तर प्रदेश में अधिवक्ता संरक्षण कानून सहित अन्य कल्याणकारी योजनाएं लागू होंगी, जिसका लाभ राज्य के समस्त अधिवक्ता परिवारों को मिल सकेगा।इस मुलाकात को अधिवक्ता समुदाय के हित में एक सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *