अलाव की लकड़ी बना मौत की वजह, साथी गार्ड ने मारी गोली

 

लाइसेंसी बंदूक से सीने में दागी गोली, आरोपी फरार

 

भाई की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा

 

बिल्हौर। बिल्हौर तहसील क्षेत्र के गदनपुर आहार गांव में शुक्रवार देर रात अलाव में लकड़ी रखने को लेकर हुआ मामूली विवाद खून-खराबे में बदल गया। निर्माणाधीन महर्षि महेश योगी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में तैनात एक सिक्योरिटी गार्ड ने अपने ही साथी गार्ड की गोली मारकर हत्या कर दी।मृतक की पहचान 45 वर्षीय निर्मल सिंह चंदेल उर्फ नीरज, निवासी औरंगपुर सांभी गांव के रूप में हुई है। वह खेती के साथ-साथ विश्वविद्यालय परिसर में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था।शुक्रवार रात करीब 2:30 बजे निर्मल अन्य गार्डों के साथ अलाव ताप रहा था। इसी दौरान गांव निवासी साथी गार्ड अनिरुद्ध द्विवेदी ने निर्मल द्वारा लाई गई लकड़ियों को अलाव में डाल दिया। विरोध करने पर दोनों में कहासुनी हुई, जो गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई।विवाद के दौरान अनिरुद्ध द्विवेदी ने अपनी लाइसेंसी दोनाली बंदूक से निर्मल के सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही निर्मल गिर पड़ा। मौके पर मौजूद गार्डों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह जान से मारने की धमकी देता हुआ जंगल की ओर फरार हो गया।सूचना पर पहुंची पुलिस घायल निर्मल को सीएचसी बिल्हौर ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।निर्मल परिवार का एकमात्र कमाने वाला था। उसकी पत्नी पुष्पा सिंह कैंसर से पीड़ित हैं और चलने-फिरने में असमर्थ हैं। 12 वर्षीय बेटी तनिष्का है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है।थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने बताया कि मृतक के छोटे भाई रोहित सिंह की तहरीर पर आरोपी अनिरुद्ध द्विवेदी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *