चौबेपुर में गल्ला व्यापारी पर जानलेवा हमला, 1.70 लाख की लूट

 

चौबेपुर थाना क्षेत्र में शनिवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक गल्ला व्यापारी पर जानलेवा हमला कर नकदी से भरा बैग लूट लिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।भगवंतपुर गांव निवासी राजा शुक्ला गोविंदपुर में अनाज की दुकान चलाते हैं। शनिवार शाम करीब पांच बजे वह दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान भगवंतपुर–निसोन मार्ग पर निसोन गांव के पास पहले से घात लगाए बैठे तीन बाइक सवार बदमाशों ने पीछे से उनके सिर पर डंडे से जोरदार वार कर दिया। हमले से राजा शुक्ला संतुलन खो बैठे और सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए।आरोप है कि बदमाशों ने इसके बाद व्यापारी के पास मौजूद नकदी से भरा बैग लूट लिया, जिसमें लगभग 1 लाख 70 हजार रुपये थे। पीड़ित के अनुसार, रास्ते में उन्होंने तीन युवकों को पेड़ की आड़ में बाइक के साथ खड़ा देखा था, लेकिन किसी अनहोनी की आशंका नहीं हुई।सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल व्यापारी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई है। पीड़ित के बेटे ने बताया कि हमलावरों में से एक युवक सफेद जैकेट पहने था, जिससे पहचान में मदद मिल सकती है।थाना प्रभारी आशीष चौबे ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। अभी तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जाएगी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *