#कानपुर नगर
*नेशनल हाईवे पर कार में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान*
कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के नरवल मोड़ के पास कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर रविवार देर रात एक कार में भीषण आग लग गई। इस हादसे में कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई, हनुमंत यह रही कि चालक सकुशल बच निकलने में सफल रहा।
घटना तब हुई जब कार चालक अनुज कुमार कानपुर से बकेवर जा रहा था। उसने बताया कि अचानक उसकी मारुति इको कार से धुआं निकलने लगा और क्षण भर में ही आग ने विकराल रूप ले लिया। अनुज ने तत्काल कार से कूदकर अपनी जान बचाई।
स्थानीय लोगों ने आग की सूचना फायर ब्रिगेड को दी। जाजमऊ स्टेशन से फायर टीम घटनास्थल पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड प्रभारी राहुल नंदन ने बताया कि आग लगने का सटीक कारण अभी जांच का विषय है, हालांकि प्राथमिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने चालक की पहचान अनुज कुमार पुत्र जगदीश शरण तिवारी, निवासी ग्राम करचुलीपुर, थाना साढ़, कानपुर के रूप में की है। इस घटना में किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
महाराजपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर यातायात प्रभावित नहीं हुआ और यातायात सुचारू रूप से चल रहा है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है तथा अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।
