राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी ने आसरा आवास में भ्रष्टाचार के खिलाफ जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

 

जिलाधिकारी ने ए.सी.एम.4 को दिया जांच का आदेश , 5 जनवरी को प्रस्तावित धरना स्थगित।

 

 

 

कानपुर। राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी ने आज जिलाधिकारी को आसरा आवास में हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ ज्ञापन सौंपकर दोषियों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही करने व माननीय न्यायालय राज्य आयुक्त दिव्यांगजन के आदेश पर दिव्यांगजनों को आसरा आवास योजना में 5 प्रतिशत का आरक्षण कोटा देकर आवास आवंटित करने के निर्देश का अनुपालन कराने की मांग की है। जिलाधिकारी ने मामले की जांच ए.सी.एम. 4 पुष्पेन्द्र सिंह को सौंप कर उच्च स्तरीय कार्यवाही करके न्याय दिलाने का भरोसा दिया है।

ज्ञात हो कि राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी दिव्यांगजनों को आसरा आवास आवंटन करने की मांग को लेकर लम्बे समय से आंदोलन कर रही है। आसरा आवास में हुए भ्रष्टाचार की अनेकों बार ज्ञापन व पत्रों के माध्यम से उच्च स्तरीय जांच की मांग जिला प्रशासन व सरकार से की जा चुकी है। लेकिन आज तक आसरा आवास में हुए भ्रष्टाचार की जांच नहीं की गई और ना ही दिव्यांगजनों को आसरा आवास आवंटित किया गया।

राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी के जिला अध्यक्ष राहुल कुमार ने कहा कि इस सरकार में अधिकारी भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं। जिसकी वजह से गरीब दिव्यांगजनों को उनका हक और अधिकार नहीं मिल पा रहा है। दिव्यांग व्यक्तियों के आवास को स्वस्थ व्यक्तियों के नाम आवंटित करके दिव्यांग कोटा पूरा करना बताया जा रहा है, जबकि पात्रता सूची में 232 दिव्यांगों को पात्र दर्शाया गया है और डूडा कार्यालय द्वारा दिव्यांग कोटे के अन्तर्गत आसरा आवास आवंटित सूची वाले नाम पात्रता सूची में नहीं है। इससे स्पष्ट है कि भ्रष्टाचार के चलते दिव्यांग कोटे के आवास स्वस्थ व्यक्तियों को आवंटित कर दिया गया है। राहुल कुमार ने मांग कि है कि आसरा आवास पात्र दिव्यांगजनों को आवंटन किया जाय और भ्रष्टाचार करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही कि जाय।

आज ज्ञापन देने वालों में राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार, जिला अध्यक्ष राहुल कुमार, अरविन्द सिंह, गुड्डी दीक्षित, वैभव दीक्षित, जितेन्द्र कुमार गुप्ता आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *