नववर्ष पर इस्कॉन मंदिर में कला कुंज के कलाकारों ने प्रस्तुत किया भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम
नववर्ष के पावन अवसर पर इस्कॉन मंदिर परिसर में कला कुंज संस्था के कलाकारों द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में भक्ति, कला और संस्कृति का अनुपम संगम देखने को मिला। विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान नरसिंह देव की भावपूर्ण कथक प्रस्तुति से हुआ, जिसे कलाकार ईशान पांडे ने प्रस्तुत किया। इसके पश्चात एग्रिका एवं दित्या द्वारा प्रस्तुत कृष्ण स्तुति ने संपूर्ण वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित प्रस्तुति में स्नेहा जी ने माँ यशोदा की भूमिका, नन्हे युग ने बालकृष्ण तथा आयशा ने राधा रानी के रूप में अत्यंत मनोहारी अभिनय प्रस्तुत किया।
इसके बाद ख्याति गुप्ता की आकर्षक प्रस्तुति ने दर्शकों की विशेष सराहना प्राप्त की।
वंशिका टिल्लू मनाली एवं मनन टिल्लू मनाली द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के किशोर रूप की प्रस्तुति अत्यंत प्रभावशाली रही। वहीं मानवी मुस्कान एवं वंशिका वर्मा ने कथक नृत्य के माध्यम से भगवान को रिझाया।
मीनाक्षी गुप्ता ने भगवान वेंकटेश की उपासना पर आधारित सुंदर प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम का कुशल संचालन खुशबू दुबे द्वारा किया गया। इसके उपरांत निधि सलोनी एवं उर्वशी जी ने भगवान की रासलीला के भावपूर्ण दर्शन कराए।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर डॉ. राखी बाजपेई, डॉ. प्रियंका सिंह, डॉ. विजयलक्ष्मी, कुमुद जी एवं ललिता जी द्वारा प्रस्तुत भव्य रासलीला ने समस्त वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।
इसके अतिरिक्त वंश द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की द्वारिका लीला की प्रस्तुति भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रही।
श्रद्धा, सिद्धांत, पीहू और दिलीप दुबे ने बच्चों के प्रोग्राम को बहुत सुंदर तरीके से कैमरे में रिकॉर्ड किया।
संपूर्ण कार्यक्रम अत्यंत मनोहारी रहा, जिसे देखकर उपस्थित सभी श्रद्धालु भक्ति भाव में पूर्णतः विभोर हो उठे।
