कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े एक दुकान से 35 हजार रुपए की चोरी हो गई। दो बाइक सवार बदमाश वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह घटना सरसौल कस्बे में कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे किनारे स्थित नन्देश्वर ट्रेडिंग कंपनी नामक चूनी चोकर की दुकान पर हुई।
दुकान के मालिक राकेश कुमार गुप्ता उर्फ कल्लू महाराजपुर थाना क्षेत्र के सरसौल निवासी हैं। पीड़ित राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि दो युवक एक सफेद बाइक पर उनकी दुकान पर आए थे। वे चूनी चोकर के दाम पूछ रहे थे। इसी दौरान दुकान पर चूनी चोकर लेकर एक ट्रक आ गया। दुकान के आगे बिजली के तार पड़े थे, जो ट्रक में फंस गए थे।राकेश कुमार गुप्ता बांस लेकर तारों को हटाने के लिए दुकान से बाहर गए। इसी दौरान बदमाशों ने दुकान की गोलक से 35,000 रुपए चुरा लिए।
चोरी करने के बाद दोनों बदमाश अपनी बाइक की गति तेज कर फतेहपुर की ओर भाग गए। पीड़ित ने तत्काल इस मामले की जानकारी पुलिस को दी।महाराजपुर पुलिस आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। महाराजपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। पीड़ित की तहरीर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया।
