बिल्हौर में दुस्साहसिक चोरी: चालू बिजली आपूर्ति के बीच ट्रांसफार्मर गिराकर तेल व कीमती पुर्जे ले उड़े चोर
बिल्हौर।बिल्हौर थाना क्षेत्र के लालपुर गांव में सोमवार रात चोरों ने हैरान कर देने वाली वारदात को अंजाम दिया। चालू बिजली आपूर्ति के बीच चोरों ने ट्रांसफार्मर से कीमती पुर्जे और तेल चोरी कर लिया। घटना के बाद गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।जानकारी के अनुसार, चोरों ने सबसे पहले ट्रांसफार्मर के चारों ओर लगी सुरक्षा बैरिकेडिंग को तोड़ा। इसके बाद तार काटकर ट्रांसफार्मर को नीचे गिराया और उसके भीतर से कीमती पुर्जे व तेल निकालकर मौके से फरार हो गए। चौंकाने वाली बात यह रही कि पूरी वारदात के दौरान बिजली आपूर्ति चालू रही, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।घटना सामने आने के बाद लालपुर गांव में अंधेरा छा गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उत्तरीपुरा क्षेत्र में आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जबकि पुलिस गश्त सिर्फ कागजों तक सीमित रह गई है।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। विद्युत विभाग के एसडीओ ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। वहीं पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और विद्युत संपत्तियों की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
