खेत में पानी लगाने को लेकर विवाद
युवक पर फावड़े से जानलेवा हमला वीडियो वायरल
बिल्हौर।अरौल थाना क्षेत्र के पिहानी मजबूत नगर गांव में मंगलवार दोपहर खेत में पानी लगाने के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गाली-गलौज का विरोध करने पर खेत मालिक ने एक युवक पर फावड़े से हमला कर दिया। गनीमत रही कि युवक बाल-बाल बच गया और कोई शारीरिक चोट नहीं आई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अवधेश पुत्र छोटेलाल अपने खेत में आलू की फसल में पानी लगा रहे थे। इसी दौरान खेत में मौजूद बटाईदार से किसी बात को लेकर उनकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर गाली-गलौज शुरू हो गई, जिसका पास में खड़े युवक शिवम ने विरोध किया।आरोप है कि शिवम द्वारा गाली देने से रोकने पर अवधेश आपा खो बैठा और गुस्से में आकर फावड़ा उठाकर उस पर हमला कर दिया। फावड़े का वार शिवम को नहीं लगा, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।इस दौरान किसी ग्रामीण ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।इस संबंध में इंस्पेक्टर जनार्दन सिंह यादव ने बताया कि आरोपी अवधेश को हिरासत में ले लिया गया है और उसके खिलाफ शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
