#कानपुर नगर
*महाराजपुर में विवाद के चलते हमला, महिला ने थाने में दर्ज कराई शिकायत*
कानपुर, 10 जनवरी 2026। थाना महाराजपुर क्षेत्र के अलौलापुर निवासी माला देवी ने पुलिस थाना महाराजपुर को एक शिकायती पत्र देते हुए आरोप लगाया है कि उनके घर पर कल शाम करीब 7 बजे गाँव के ही कुछ लोगों ने सामूहिक हमला किया।
माला देवी के अनुसार, हमलावरों के समूह में कल्लू यादव, निखिल यादव, अंशु यादव, चम्मन लाल यादव और करीब 15-20 अन्य अज्ञात लोग शामिल थे। उन्होंने घर का मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर घुसने, जातिसूचक गालियाँ देने, परिवार के सदस्यों की पिटाई करने और घर का सामान तोड़ने-फोड़ने के साथ ही कुछ सामान ले जाने का आरोप लगाया है। शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि हमलावरों ने जान से मारने और गाँव से निकाल देने की धमकी दी, साथ ही बिजली कनेक्शन काट दिया ताकि उनकी पहचान उजागर न हो सके।
पीड़ित परिवार ने बताया कि घटना से पूर्व ही गाँव में एक पत्थर चलने की घटना को लेकर विवाद चल रहा था, जिस पर बातचीत कर विवाद को शांत करा दिया गया था, बावजूद इसके यह हमला हुआ। शिकायत दर्ज कराने थाने जाते समय भी हमलावर लाठी-डंडे लेकर दोपहिया वाहनों पर उनका पीछा करते रहे, जिसके बाद बड़ी मुश्किलों के बाद वे सकुशल थाने पहुँच सके। पूरी घटना का वीडियो भी साक्ष्य के तौर पर थानाध्यक्ष को दिखाया गया है ।
माला देवी ने थाना प्रभारी से अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की माँग की है। इस संबंध में पुलिस अधिकारियों ने मामले की जाँच शुरू कर दी है और आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया है।
