मतदाता पंजीकरण में अव्यवस्थाओं को लेकर विधायक ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
कानपुर। गोविन्द नगर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया में आ रही गंभीर समस्याओं को लेकर क्षेत्रीय विधायक सुरेन्द्र मैथानी जी ने आज डी एम कानपुर नगर को एक पत्र सौंपा। पत्र के माध्यम से उन्होंने अवगत कराया कि क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों पर बीएलओ को सीमित संख्या में पंजीकरण फॉर्म उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे आम नागरिकों को केवल ऑनलाइन आवेदन के लिए बाध्य होना पड़ रहा है।
विधायक श्री मैथानी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान यह सामने आया कि तकनीकी जानकारी के अभाव में अनेक योग्य मतदाता ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उनके संवैधानिक अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने इस स्थिति को लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर बताया।विधायक ने जिलाधिकारी से मांग की कि गोविन्द नगर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया को सुचारू, निष्पक्ष और निर्बाध बनाने के लिए तत्काल प्रशासनिक कदम उठाए जाएँ, ताकि कोई भी योग्य मतदाता पंजीकरण से वंचित न रहे।
