बदहाल व जर्जर सड़कों से कारोबार प्रभावित, व्यापारी आज से चलाएंगे हस्ताक्षर अभियान

सरसौल। क्षेत्र की बदहाल और जर्जर सड़कों से त्रस्त व्यापारियों ने अब आंदोलन का रास्ता अपनाने का निर्णय लिया है। उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के बैनर तले क्षेत्रीय व्यापारियों ने हस्ताक्षर अभियान चलाने की घोषणा की है। इस अभियान की शुरुआत 14 जनवरी से सतबरी चौराहा से की जाएगी।

उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं सतबरी बाजार के प्रमुख व्यापारी पंकज शुक्ला ने बताया कि क्षेत्र की सड़कें पूरी तरह टूटकर गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। खराब सड़कों के कारण ग्राहकों का बाजार आना लगभग बंद हो गया है, जिससे व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इसके साथ ही आए दिन दुर्घटनाएं भी हो रही हैं, जिससे आम नागरिकों में भी रोष है।

व्यापारियों का कहना है कि इस गंभीर समस्या को लेकर नगर निगम एवं संबंधित अधिकारियों को कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

इसी उपेक्षा के विरोध में व्यापारी मुख्यमंत्री को संबोधित एक बड़े बैनर पर हस्ताक्षर करेंगे। यह हस्ताक्षर युक्त बैनर महापौर को सौंपा जाएगा, ताकि सड़क निर्माण की मांग सीधे शासन तक पहुंचाई जा सके और समस्या का शीघ्र समाधान हो।

बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताने वालों में प्रमुख रूप से पंकज शुक्ला, शिवांशु वर्मा, कमल सोनी, अभय सिंह, आशीष कुमार, राजीव कनौजिया, सत्यप्रकाश फौजी, रमेश तिवारी, शिबू गुप्ता, आकाश कुमार और सनी सहित अन्य स्थानीय व्यापारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *