कानपुर कपड़ा कमेटी : वीरेंद्र गुलाटी बने अध्यक्ष, युवा गुट में फूट से बड़ा उलटफेर
कानपुर। कानपुर कपड़ा कमेटी, जनरलगंज के कार्यालय में मंगलवार को पदाधिकारियों के चयन की प्रक्रिया पूरी हुई, जिसमें अप्रत्याशित परिणाम सामने आए। बैठक से पहले ही युवा गुट में एकजुटता टूट गई और गुट के चार प्रत्याशियों ने पाला बदल लिया। इसके बाद अध्यक्ष और वरिष्ठ उपाध्यक्ष पदों पर चुनाव कराया गया, जिसमें काशी गुट के वीरेंद्र गुलाटी ने निवर्तमान अध्यक्ष अमित दोसर को मात्र दो वोट से हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। मुख्य चुनाव अधिकारी सत्य नारायण सिंहानिया के अनुसार, अध्यक्ष पद के लिए वीरेंद्र गुलाटी को 12 वोट मिले, जबकि अमित दोसर को 10 वोट प्राप्त हुए और एक वोट अवैध रहा।
यह परिणाम इसलिए भी चौंकाने वाला है क्योंकि दिसंबर में हुई 23 सदस्यीय कार्यकारिणी के चुनाव में युवा गुट के सभी 14 प्रत्याशी विजयी रहे थे, जबकि काशी गुट के 8 और एक निर्दलीय लक्ष्मण सहगल ने जीत दर्ज की थी। कार्यकारिणी में कुल सात पदाधिकारी चुने जाते हैं, जिनमें अध्यक्ष, प्रधानसचिव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कनिष्ठ उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष शामिल हैं। बाकी 16 निदेशक होते हैं।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर भी कड़े मुकाबले में नवीन कुमार नेवटिया ने अशोक माहेश्वरी को एक वोट से मात दी। नवीन को 12 वोट मिले, जबकि अशोक माहेश्वरी को 11 वोट प्राप्त हुए। पांच पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। इनमें काशी गुट के दीपक कुमार गुप्ता प्रधानसचिव, अमित कुमार गुप्ता संयुक्त सचिव चुने गए। वहीं युवा गुट से संजय कुमार गुप्ता कनिष्ठ उपाध्यक्ष, राकेश कुमार सेठिया सचिव और अशोक माहेश्वरी कोषाध्यक्ष बने।
युवा गुट में फूट के बाद अध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदार रुमित सिंह सागरी ने नाराजगी जताते हुए गुट छोड़ दिया। इससे पहले युवा गुट मजबूत स्थिति में दिख रहा था, लेकिन अंतिम समय में हुए बदलाव ने काशी गुट को फायदा पहुंचाया। सात पदों में से तीन काशी गुट की झोली में गए, जबकि बाकी युवा गुट के खाते में रहे।
चुनाव के बाद चयनित सभी पदाधिकारियों का माला पहनाकर स्वागत किया गया।
2026-01-14
