इंडिया ओपन में अंपायर की भूमिका में दिखेंगे नगर के रवि दीक्षित
कानपुर। रतनलाल नगर निवासी अंतर्राष्ट्रीय बैडमिंटन अंपायर एवं कोच रवि कुमार दीक्षित एक बार फिर शहर का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रहे हैं। दिल्ली में आयोजित योनेक्स सनराइज इंडिया ओपन अंतर्राष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में वे अंपायर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 18 जनवरी तक चलेगी, जिसमें देश-विदेश के शीर्ष खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
रवि दीक्षित एशिया-सर्टिफाइड अंपायर हैं और उन्हें अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में अंपायरिंग का लंबा अनुभव है। इससे पूर्व वे जापान में आयोजित कुमामोटो मास्टर्स बीडब्ल्यूएफ-500, चीन, वियतनाम तथा भारत में आयोजित हैदराबाद इंडिया इंटरनेशनल चैलेंज जैसे कई प्रतिष्ठित टूर्नामेंटों में अंपायरिंग कर चुके हैं। जापान के कुमामोटो मास्टर्स में उनकी दक्षता को देखते हुए उन्हें रेफरी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी।
अंपायरिंग के साथ-साथ रवि दीक्षित कोचिंग के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वे वर्ष 2016 में बीडब्ल्यूएफलेवल-1 सर्टिफाइड कोच बने और वर्तमान में कानपुर बैडमिंटन एकेडमी, रागेंद्र स्वरूप स्पोर्ट्स अकैडमी में मुख्य प्रशिक्षक के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में कई खिलाड़ी बैडमिंटन के विभिन्न स्तरों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
उनकी इस उपलब्धि पर कानपुर बैडमिंटन एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई दी है।
