जूही जीएमसी यार्ड के नए रेलवे स्टेशन पर बनेगा अंडरपास, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
कानपुर।
जूही जीएमसी यार्ड में प्रस्तावित नए रेलवे स्टेशन को सैटेलाइट स्टेशन के रूप में अपग्रेड किए जाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इस नए स्टेशन पर अंडरपास बनाने की भी योजना शामिल की गई है। अंडरपास के निर्माण से यात्रियों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक आने-जाने में सुविधा मिलेगी, वहीं पार्सल लोडिंग और अनलोडिंग की सुविधा भी शुरू हो सकेगी।
दिल्ली-हावड़ा रेल रूट पर उत्तर मध्य रेलवे द्वारा लगभग दो वर्ष पूर्व जूही जीएमसी यार्ड में नए रेलवे स्टेशन के निर्माण की योजना तैयार की गई थी। प्रयागराज मंडल द्वारा इसके लिए प्रस्ताव बनाया गया है। यह स्टेशन न केवल दिल्ली-हावड़ा रूट को मजबूत करेगा, बल्कि कानपुर शहर के रेल नेटवर्क को भी नई गति देगा। स्टेशन को कोचिंग टर्मिनल के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे यहां से ट्रेनों का सीधा संचालन संभव हो सकेगा और ट्रेनों की मेंटेनेंस की व्यवस्था भी यहीं की जा सकेगी।
अब इस परियोजना में अंडरपास निर्माण को भी शामिल किया गया है। अंडरपास के जरिए यात्रियों को प्लेटफॉर्म बदलने में आसानी होगी और स्टेशन पर पार्सल सेवाओं की शुरुआत भी की जा सकेगी, जिससे व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
यह नया स्टेशन कानपुर सेंट्रल पर लगातार बढ़ रहे यात्री दबाव को कम करने में अहम भूमिका निभाएगा। इसके चलते नए रेल मार्गों और नई ट्रेनों के संचालन का रास्ता भी साफ होगा। स्टेशन का निर्माण दो चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में चार प्लेटफॉर्म, आधुनिक स्टेशन बिल्डिंग, पार्किंग एरिया और सर्कुलेटिंग एरिया का निर्माण किया जाएगा। दूसरे चरण में चार और प्लेटफॉर्म बनाए जाएंगे, जिससे स्टेशन की क्षमता और सुविधाओं का विस्तार हो सके।
परियोजना के प्रथम चरण के लिए लगभग 90 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया गया है। स्टेशन की लोकेशन को भी रणनीतिक रूप से चुना गया है। यह कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन से मात्र तीन किलोमीटर और गोविंदपुरी स्टेशन से लगभग 500 मीटर की दूरी पर स्थित होगा, जिससे यात्रियों को आसानी से पहुंच मिल सकेगी। कम भीड़भाड़ के कारण यहां टिकट बुकिंग, बोर्डिंग और अन्य यात्री सेवाएं अधिक सुगम होंगी।
इस संबंध में डिप्टी सीटीएम, कानपुर सेंट्रल स्टेशन आशुतोष सिंह ने बताया कि जूही जीएमसी यार्ड में सुविधाएं बढ़ाने के लिए अंडरपास बनाने की योजना है। जैसे ही निर्माण कार्य शुरू होगा, अंडरपास का कार्य भी साथ ही प्रारंभ किया जाएगा।
