#कानपुर नगर

 

*व्याख्यान से शिक्षकों को मिला जीवन का उद्देश्य तलाशने का मार्गदर्शन*

 

 

कानपुर, 14 जनवरी। डीएवी कॉलेज के चंद्रशेखर आजाद सभागार में बुधवार को *’जीवन उद्देश्य की तलाश’* विषय पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रख्यात नेत्र सर्जन एवं लाइफ कोच डॉ. अवध दुबे रहे।

 

*कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अरुण कुमार दीक्षित* ने दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज के तनावपूर्ण दौर में जीवन के वास्तविक उद्देश्य से भटकाव होना आम बात हो गई है। ऐसे में उद्देश्यपूर्ण जीवन जीने के मार्गदर्शन की आवश्यकता है।

 

*मुख्य वक्ता डॉ. अवध दुबे* ने अपने व्याख्यान में कहा कि भागदौड़ भरी जिंदगी और पाश्चात्य सभ्यता के प्रभाव ने जीवन की शांति एवं सार्थकता को पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि शिक्षक, जो राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करते हैं, उनके लिए मानसिक एवं सामाजिक स्वास्थ्य भी उतना ही जरूरी है, जितना शारीरिक स्वास्थ्य।

 

*एनईपी 2020 के समन्वयक प्रो. सुनीत अवस्थी* ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित होते रहने चाहिए। कार्यक्रम में महाविद्यालय के अधिकांश शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सविता प्रकाश गंगवार ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *