कानपुर में विराट हिन्दू सम्मेलन का आयोजन, एकजुटता और समाज सुधार पर हुई चर्चा
कानपुर। बीएनएसडी शिक्षा निकेतन स्कूल में एक भव्य विराट हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़ी नीतू सिंह सहित कई सम्मानित व्यक्तियों ने हिस्सा लिया।
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य हिन्दू समाज के लोगों को एक मंच पर एकत्रित करना, समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने पर चर्चा करना और सभी को एकजुट होकर एक सशक्त व प्रगतिशील समाज की रचना के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के महत्व और हिन्दू समाज की सामाजिक जिम्मेदारियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के साथ-साथ आधुनिक समाज में पर्यावरण की सुरक्षा और सामूहिक दायित्वों के निर्वहन पर जोर दिया।
आरएसएस से जुड़ी नीतू सिंह ने कार्यक्रम के बारे में बताया, “आज के इस सम्मेलन में हमने विशेष रूप से यह चर्चा की है कि हमें पर्यावरण का संरक्षण कैसे करना चाहिए। साथ ही, हिन्दू समाज को उनके व्यक्तिगत और सामूहिक दायित्वों के बारे में भी विस्तार से समझाया गया है। हमारा लक्ष्य एक ऐसे समाज का निर्माण करना है, जो अंधविश्वास और कुरीतियों से मुक्त हो, आधुनिक चुनौतियों के प्रति जागरूक हो, और अपनी समृद्ध परंपराओं के साथ आगे बढ़े।”
इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में उपस्थित लोगों ने सामाजिक एकता, शिक्षा और पर्यावरण जैसे मुद्दों पर संवाद किया। कार्यक्रम सामाजिक सद्भाव और सकारात्मक बदलाव के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।
