गोविन्द नगर विधायक सुरेन्द्र मैथानी ने लखनऊ में सौंपा मांग पत्र, पाण्डुनगर ईएसआई अस्पताल को सुपर स्पेशलिटी बनाने की उठाई मांग

 

गोविन्द नगर विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक श्री सुरेन्द्र मैथानी ने आज लखनऊ स्थित श्रम एवं सेवायोजन विभाग मंत्रालय पहुँचकर उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री माननीय श्री अनिल राजभर को एक विस्तृत मांग पत्र सौंपा।

 

विधायक सुरेन्द्र मैथानी ने अपने मांग पत्र के माध्यम से कर्मचारी राज्य बीमा चिकित्सालय, पाण्डुनगर कानपुर में वर्षों से अर्धनिर्मित पड़ी संरचना का उपयोग करते हुए सुपर स्पेशलिटी अस्पताल विकसित करने की पुरजोर मांग की। उन्होंने कहा कि पाण्डुनगर स्थित यह अस्पताल कानपुर नगर का सबसे बड़ा ईएसआई चिकित्सालय है, लेकिन अधूरी परियोजनाओं और प्रशासनिक अड़चनों के कारण आज यह अपनी केवल लगभग 40 प्रतिशत क्षमता पर ही संचालित हो पा रहा है।

 

विधायक जी ने मंत्री जी से कहा कि वर्ष 2008 में कर्मचारी राज्य बीमा निगम द्वारा अस्पताल के आधुनिकीकरण एवं डेंटल कॉलेज की स्थापना का निर्णय लिया गया था, जिसका निर्माण कार्य भारत सरकार की इकाई एनबीसीसी द्वारा प्रारंभ किया गया। किन्तु डेंटल कॉलेज परियोजना बंद हो जाने के कारण अस्पताल परिसर में अर्धनिर्मित भवन, महंगे उपकरण, डीजल जेनरेटर, इलेक्ट्रिकल पैनल आदि वर्षों से अनुपयोगी पड़े हुए हैं।

 

विधायक ने यह भी अवगत कराया कि अस्पताल में स्वीकृत 312 बेडों में से वर्तमान में मात्र 100 बेड ही उपयोग में हैं तथा ऑपरेशन थियेटर, पैथोलॉजी, एक्स-रे जैसी आवश्यक सेवाएं अस्थायी व्यवस्थाओं में संचालित हो रही हैं, जिससे ईएसआई लाभार्थियों को समुचित उपचार नहीं मिल पा रहा है।

 

उन्होंने मंत्री जी का ध्यान इस ओर भी आकृष्ट किया कि कर्मचारी राज्य बीमा निगम द्वारा अब डेंटल कॉलेज के स्थान पर सुपर स्पेशलिटी अस्पताल विकसित करने का निर्णय लिया गया है तथा इस विषय में श्रम एवं रोजगार मंत्रालय स्तर पर गठित उपसमिति द्वारा पाण्डुनगर चिकित्सालय को ईएसआई निगम के नियंत्रण में देने का सुझाव भी दिया गया है।

 

माननीय विधायक ने मांग की कि पाण्डुनगर ईएसआई चिकित्सालय को राज्य सरकार से लेकर कर्मचारी राज्य बीमा निगम के नियंत्रण में दिया जाए, जिससे एक ही प्रशासनिक व्यवस्था के अंतर्गत सेकेंडरी एवं सुपर स्पेशलिटी सेवाएं विकसित की जा सकें। साथ ही, जाजमऊ स्थित ईएसआई अस्पताल को पुनः राज्य सरकार के नियंत्रण में देने पर भी विचार किया जाए।

 

विधायक जी ने मंत्री जी से कहा कि इस निर्णय से न केवल कानपुर बल्कि पूरे प्रदेश के लाखों बीमांकित श्रमिकों और उनके परिवारों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

 

मंत्री श्री अनिल राजभर ने विधायक की मांगों को गंभीरता से सुना और इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई का सकारात्मक आश्वासन दिया।

 

 

विपिन दुबे- गोविन्द नगर विधानसभा कार्यालय प्रभारी

दिनांकः 19/01/2026

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *