छात्रों में सेवा, सहयोग, आत्मनिर्भरता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना जाग्रत
करना
कानपुर भारत स्काउट एवं गाइड उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में बी. एन. एस. डी. शिक्षा निकेतन में त्रिदिवसीय स्काउट एवं गाइड प्रशिक्षण शिविर का भव्य उद्घाटन समारोह दिनांक 19 जनवरी, 2026 को सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। यह प्रशिक्षण शिविर 19, 20 एवं 21 जनवरी, 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य स्काउट एवं गाइड स्वयंसेवकों में अनुशासन, सेवा-भाव, नेतृत्व क्षमता तथा राष्ट्रभक्ति की भावना का जाग्रत करना है।
उद्घाटन समारोह का शुभारम्भ दीप प्रज्वलन एवं ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके पश्चात स्काउट प्रार्थना “दया कर दान भक्ति का” के सामूहिक गायन से वातावरण को प्रेरणादायक बनाया गया। प्रशिक्षकों का परिचय एवं सम्मान श्री सभाशंकर द्विवेदी (स्काउट मास्टर) द्वारा किया गया। कार्यक्रम में कक्षा आठ के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सामूहिक गीत “हर देश में तू, हर भेष में तू” ने सभी उपस्थितजनों को भावविभोर कर दिया।शिविर की परिकल्पना श्रीमती प्रीति तिवारी (जिला संगठन आयुक्त भारत स्काउट एवं गाइड, कानपुर) के द्वारा प्रस्तुत की गई। उद्घाटन अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने अपने उद्बोधन में स्काउट–गाइड प्रशिक्षण शिविर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर विद्यार्थियों में सेवा, सहयोग, आत्मनिर्भरता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं । समारोह के अंत में आयोजकों द्वारा सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई तथा प्रशिक्षण शिविर के सफल आयोजन हेतु शुभकामनाएँ प्रेषित की गईं। इस अवसर पर विद्यालय की उपप्रधानाचार्या, प्रशिक्षकगण, शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
