किशोरी से दुष्कर्म कर बनाई अश्लील क्लिप, 10 लाख की रंगदारी मांगने का सनसनीखेज मामला
बिल्हौर,कानपुर।
बिल्हौर थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म कर उसके अश्लील फोटो-वीडियो बनाने और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगा है।पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने कन्नौज जनपद के ठठिया थाना क्षेत्र निवासी युवक सुमित यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने किशोरी को बहला-फुसलाकर और जबरन अपने घर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर अश्लील वीडियो व फोटो बनाकर उसे ब्लैकमेल करने लगा।पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि आरोपी बीते छह महीनों से उसकी 15 वर्षीय बेटी को स्कूल आते-जाते समय परेशान कर रहा था। बीते माह वह अपने एक साथी की मदद से किशोरी को जबरन बाइक पर बैठाकर घर ले गया, जहां वारदात को अंजाम दिया गया।आरोप है कि आरोपी किशोरी को क्लिप वायरल कर बदनाम करने की धमकी देकर दस लाख रुपये की मांग कर रहा है। साथ ही उसे एक कीपैड मोबाइल देकर संपर्क में रहने और बुलाने पर आने का दबाव बना रहा था। पीड़िता की मां का यह भी आरोप है कि आरोपी और उसके परिजन जातिसूचक गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी भी देते हैं।पीड़िता के परिजनों ने यह भी बताया कि आरोपी पूर्व में पटियाली क्षेत्र में इसी तरह के मामले में जेल जा चुका है।पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया है तथा आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।इंस्पेक्टर बिल्हौर सुधीर कुमार कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
