शराब के नशे में युवक , उसकी मां पर हमला, लोहे की रॉड से पीटा
गंभीर हालत में भर्ती
ककवन, कानपुर नगर।
ककवन थाना क्षेत्र में शराब के नशे में दबंगों द्वारा युवक और उसकी मां पर घर में घुसकर जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रसादपुरवा खण्ड रहीमपुर विषधन निवासी दीपक पुत्र स्व. बाबूराम गलेबाज अपने घर के बाहर खड़ा था, तभी गांव के ही महेश पुत्र धनीराम, सर्वेश पुत्र धनीराम, चन्द्रपाल पुत्र स्व. रामनाथ, संतराम पुत्र चन्द्रपाल व 3-4 अज्ञात साथी शराब के नशे में वहां पहुंचे और रास्ते में रोककर दीपक के साथ मारपीट करने लगे।विरोध करने पर आरोपी घर में घुस आए और दीपक व उसकी मां के साथ गाली-गलौज करते हुए लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा। हमले में दीपक के दाहिने हाथ और आंख में गंभीर चोटें आईं, जबकि पीठ पर लोहे की रॉड के निशान पाए गए हैं। पेट पर वार के चलते उसकी हालत बिगड़ गई और खून की उल्टियां होने लगीं, जिससे उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर लिया है तथा पीड़ित का मेडिकल कराकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
