नायब तहसीलदार चौबेपुर से अभद्रता का मामला, अधिवक्ता पर एफआईआर की संस्तुति
बिल्हौर, कानपुर नगर। न्यायालय नायब तहसीलदार चौबेपुर में सुनवाई के दौरान पीठासीन अधिकारी से अभद्रता, धमकी और पत्रावली फेंकने का गंभीर मामला सामने आया है। नायब तहसीलदार दिव्या भारती वर्मा ने अधिवक्ता महेन्द्र प्रसाद त्रिवेदी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने हेतु उपजिलाधिकारी बिल्हौर को पत्र भेजा है।प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को करीब 12:30 बजे कुमार शर्मा बनाम ललित कुमार वाद की सुनवाई के दौरान अधिवक्ता महेन्द्र प्रसाद त्रिवेदी ने आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए पत्रावली न्यायालय में फेंक दी तथा महिला अधिकारी पर व्यक्तिगत टिप्पणी कर उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित किया। इससे न्यायिक कार्य में बाधा उत्पन्न हुई।नायब तहसीलदार ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि उक्त अधिवक्ता द्वारा पूर्व में भी धमकी दी जा चुकी है तथा शिकायत करने की बात कहकर दबाव बनाया गया था। उन्होंने इसे न्यायालय की गरिमा एवं महिला अधिकारी की मर्यादा पर आघात बताते हुए सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कराने की अनुमति मांगी है।मामले की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, तहसीलदार बिल्हौर एवं संबंधित बार एसोसिएशन को भी भेजी गई है।उपजिलाधिकारी संजीव कुमार दीक्षित ने बताया कि अधिवक्ता ने स्वीकार किया है कि आवेश में उनसे शब्द निकल गए थे, फिर भी यदि नायब तहसीलदार द्वारा कार्रवाई की मांग की जाती है तो नियमानुसार आगे की कार्यवाही की जाएगी।
