कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के महोली गांव में पति-पत्नी के विवाद के बाद बुधवार सुबह एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
महोली गांव निवासी महेश प्रजापति चाट का ठेला लगाता है। लगभग 15 साल पहले उसका विवाह सोनी प्रजापति (उम्र करीब 35 वर्ष) से हुआ था। जानकारी के अनुसार, मंगलवार को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद सोनी ने कथित तौर पर कीटनाशक दवा पी ली। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई।
मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने पति महेश प्रजापति पर हत्या का आरोप लगाया है। एसीपी चकेरी अभिषेक कुमार पांडेय ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतका के परिजनों से बातचीत की।
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से जांच कर रही है।मृतका के 13 वर्षीय बेटे अनिकेत ने पुलिस को बताया कि मोबाइल फोन को लेकर उसके माता-पिता के बीच अक्सर विवाद होता था। मंगलवार को भी मोबाइल को लेकर झगड़ा हुआ, जिसके बाद उसके पिता ने मां के साथ मारपीट की। इस दौरान मां के सिर में चोट भी लगी थी।
महाराजपुर थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है। मृतका के परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
