उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक ने किया निरीक्षण, संरक्षा और प्रशिक्षण पर दिया जोर

कानपुर। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री नरेश पाल सिंह ने रेल परिचालन की संरक्षा और गुणवत्ता को परखने के उद्देश्य से प्रयागराज मंडल के सूबेदारगंज से कानपुर के मध्य रात्रि फुटप्लेट निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोको पायलट की कार्यप्रणाली, नियंत्रण डेस्क की स्थिति, ब्रेक प्रणाली, स्पीडोमीटर, रेडियो संचार, फायर फाइटिंग उपकरण, आपातकालीन ब्रेक व्यवस्था, आवश्यक दस्तावेजों की उपलब्धता तथा लोको पायलट और सहायक लोको पायलट की सतर्कता की गहन समीक्षा की। निरीक्षण का उद्देश्य सुरक्षित, सुचारु और समयबद्ध रेल परिचालन सुनिश्चित करना रहा। रात्रि में कानपुर सेंट्रल पहुंचने के बाद उन्होंने स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों का भी जायजा लिया।

अगले दिन महाप्रबंधक ने कानपुर स्थित एमडीडीटीआई, ट्रैक्शन मशीन शेड तथा मेमू शेड का निरीक्षण किया। एमडीडीटीआई में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों, कक्षाओं, सिम्युलेटर, प्रयोगशालाओं और प्रशिक्षुओं को दी जा रही आधुनिक सुविधाओं का अवलोकन किया गया। यहां लोको पायलटों के साथ-साथ विद्युत विभाग के विभिन्न संवर्गों के कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाता है। महाप्रबंधक ने क्लासरूम, ट्रैफिक मॉडल रूम, टीआरडी मॉडल रूम, योग कक्ष, हॉस्टल और लोको सिम्युलेटर का निरीक्षण करते हुए प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों के डिजिटलीकरण के निर्देश दिए। लोको पायलटों के तनाव प्रबंधन हेतु संचालित ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ कार्यक्रम की उन्होंने सराहना की तथा हरित वातावरण को बढ़ावा देने के लिए पौधारोपण भी किया।

इसके बाद ट्रैक्शन मशीन शेड और मेमू शेड में चल रहे अनुरक्षण कार्यों की समीक्षा की गई। मेमू रेकों के रखरखाव, सुरक्षा मानकों और समयबद्ध मेंटेनेंस पर विशेष जोर दिया गया। शेड में कार्यरत कर्मचारियों से संवाद कर महाप्रबंधक ने उच्च स्तरीय अनुरक्षण बनाए रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री यतेंद्र कुमार, मुख्य विद्युत लोको इंजीनियर श्री आनंद सिंह, सचिव महाप्रबंधक श्री अखिल शुक्ला, उप मुख्य यातायात प्रबंधक श्री आशुतोष सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।मेमू शेड कानपुर का निरीक्षण करते महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे श्री नरेश पाल सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *