सेंट थॉमस चर्च में ईसाई एकता एवं प्रार्थना सप्ताह का आयोजन

कानपुर। ईसाई समाज में आपसी एकता, भाईचारे और समन्वय की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शुक्रवार को सेंट थॉमस चर्च, किदवई नगर में ईसाई एकता के लिए प्रार्थना सप्ताह के अंतर्गत वार्षिक विशेष आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन फादर राजेश साइमन एवं फादर थॉमस कुमार ने किया। इस अवसर पर शहर के विभिन्न चर्चों से फादर, सिस्टर, पादरी एवं पास्टर बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और सामूहिक प्रार्थना, भजन एवं विचार-विमर्श में सहभाग किया।

रेवरेंट फादर राजेश साइमन ने कहा कि प्रार्थना सप्ताह हमें अपने सभी भाइयों और बहनों के साथ मिलकर मसीह के एक शरीर के रूप में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि आपसी सम्मान, सहयोग और प्रेम को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है, जिसमें सभी चर्च मिलकर ईश्वर के समक्ष एकता की प्रार्थना करते हैं।

पादरी डायमंड यूसुफ ने कहा कि यह आयोजन विनम्रता और कृतज्ञता के भाव के साथ किया गया। उन्होंने कहा कि हम जो कुछ भी अर्पित करते हैं, वह केवल किसी एक चर्च का नहीं, बल्कि मसीह के पूरे शरीर का है।

कार्यक्रम के प्रवक्ता छोटे नरोना ने कहा कि एकता हमारी उपलब्धि नहीं, बल्कि ईश्वर का अमूल्य उपहार है। उन्होंने कहा कि एकता दबाव, जल्दबाज़ी या ज़बरदस्ती से नहीं बढ़ती, बल्कि सुनने वाली विनम्रता, सहने वाले धैर्य और मतभेदों को स्वीकार करने वाले प्रेम से विकसित होती है। साथ ही उन्होंने प्रत्येक चर्च की परंपरा, सिद्धांत, पूजा पद्धति और ऐतिहासिक अनुभव के सम्मान पर विशेष ज़ोर दिया।

रेवरेंट फादर थॉमस कुमार ने बताया कि क्रिश्चियन यूनिटी के लिए प्रार्थना सप्ताह एक महत्वपूर्ण और विशेष वार्षिक आयोजन है, जिसे हर वर्ष 19 से 26 जनवरी के बीच पूरे देश में श्रद्धा और विश्वास के साथ मनाया जाता है। इसका उद्देश्य विभिन्न पंथों के ईसाइयों को एक मंच पर लाकर आपसी समझ, सहयोग और एकता को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम में लैंसी डिसूजा, रेव. फादर फ्रांसिस जेवियर, रेव. विल्सन विक्टर, रेव. सैमुअल सिंह, संजय लाल, रेव. सुंदर लाल, रेव. जितेंद्र सिंह, आदरणीय इमानुएल बच्चू सिंह, रेव. संतोष पांडे, आशा विल्सन, मरियम मैकर्टिस, मिस एकता मैकर्टिस, नितिन लाल, फादर आर्चीबाल्ड डिसिल्वा, नोबल कुमार, पादरी सत्येंद्र श्रीवास्तव, बिशप पंकज राज मालिक, मोनिका विलियम, पास्टर नवीन सैमुअल आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *