सेंट्रल में चोरी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, 18 मोबाइल, जेवरात व नकदी बरामद
कानपुर नगर। थाना अनवरगंज कमिश्नरेट कानपुर नगर की पुलिस ने चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर बड़ी बरामदगी की है। पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर बीती रात काल्पी रोड स्थित एक दैनिक अखबार के कार्यालय पके गेट के पास से दो अभियुक्तों को धर दबोचा। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मोहम्मद दानिश पुत्र हुसैन बख्श (उम्र 27 वर्ष) तथा मोहम्मद गुलफाम पुत्र मोहम्मद समीर (उम्र 28 वर्ष), निवासी दलेलपुरवा गोरा कब्रिस्तान, थाना बेकनगंज, कानपुर नगर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्त कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर खड़ी ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल फोन और पर्स चोरी करने की घटनाओं में संलिप्त थे। गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्तों के कब्जे से 18 स्मार्ट मोबाइल फोन, एक की-पैड मोबाइल, लेडीज पर्स, पीली एवं सफेद धातु के जेवरात, दो आधार कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस तथा 5000 रुपये नकद बरामद किए गए। दोनों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वालों में थाना अनवरगंज के उपनिरीक्षक राहुल शुक्ला, क्राइम टीम के उपनिरीक्षक मोहम्मद खालिद खान, जीआरपी कानपुर सेंट्रल के उपनिरीक्षक धीरेन्द्र प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल सर्वेश कुमार, कांस्टेबल धर्मेन्द्र कुमार यादव, कांस्टेबल धर्मेन्द्र तिवारी, कांस्टेबल अंकित चौधरी तथा जीआरपी के कांस्टेबल सत्येन्द्र सिंह शामिल रहे।
