
दिनांक-23.01.2026
कानपुर मेट्रो ने सरस्वती पूजा के दिन 3 स्टेशनों पर किया पुस्तक मेलों का आयोजन
बड़ा चौराहा, कानपुर सेंट्रल और मोतीझील स्टेशन पर आज से आरंभ हुआ पुस्तक मेला एनसीएमसी गोस्मार्ट कार्डधारकों को मिल रहा विशेष डिस्काउंट
वसंत पंचमी और सरस्वती पूजा के शुभ अवसर पर कानपुर मेट्रो आज पुस्तक प्रेमियों के लिए अच्छी खबर लेकर आया है। कानपुर मेट्रो ने आज विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से बड़ा चौराहा, कानपुर सेंट्रल और मोतीझील स्टेशनों पर डेढ़ माह तक चलने वाले पुस्तक मेलों का आयोजन किया है। इन पुस्तक मेलों में देश-विदेश के लब्धप्रतिष्ठ लेखकों की रचनायें उपलब्ध हैं। मेट्रो के एनसीएमसी गोस्मार्ट कार्डधारकों को यहां 10 प्रतिशत अतिरिक्त छूट भी प्रदान की जा रही है।
कानपुर मेट्रो पुस्तक संस्कृति को प्रोत्साहित करने और यात्रियों को समृद्ध अनुभव प्रदान करने के लिए आरंभ से ही प्रयासरत रहा है। मेट्रो स्टेशनों पर आयोजित इन पुस्तक मेलों में साहित्य, कला, विज्ञान, वित्तीय प्रबंधन आदि विविध विषयों से संबंधित पुस्तकों का व्यापक संग्रह मौजूद है। छात्रों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सामान्य ज्ञान, प्रेरणादायक साहित्य और स्वामी विवेकानंद व महात्मा गांधी जैसे महापुरुषों की जीवनियां भी प्रमुखता से उपलब्ध कराई गईं हैं। पुस्तक प्रेमी देश-विदेश के प्रतिष्ठित साहित्यकारों और विचारकों की कृतियों को यहां पहुंचकर आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।
इसके साथ ही युवाओं के लिए मोटिवेशनल पोस्टर्स, लैंडस्केप आर्ट और आकर्षक स्टेशनरी भी मेलों में उपलब्ध हैं। छोटे बच्चों के लिए आरंभिक शिक्षापरक पुस्तकें तथा किशोरों के लिए कॉमिक्स, ‘मांगा’ सीरीज़, हैरी पॉटर और सुपरहीरो आधारित पुस्तकें भी विशेष आकर्षण हैं।
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक श्री सुशील कुमार ने कहा, “पुस्तक मेले का मुख्य उद्देश्य लोगों में पुस्तक पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देना है। ये मेले न केवल साहित्य प्रेमियों के लिए उपहार हैं, बल्कि मेट्रो यात्रा को एक समृद्ध सांस्कृतिक अनुभव में भी बदलते हैं।
