#कानपुर नगर
*रेलवे सुरक्षा बल के बैंड ने कानपुर सेंट्रल पर ‘वंदे मातरम’ की धुनों से माहौल को देशभक्ति में रंग दिया*
कानपुर, 23 फरवरी 2026: ‘वंदे मातरम’ गीत के गौरवशाली 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आज पूरे देश में विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला देखने को मिली। इसी कड़ी में कानपुर सेंट्रल स्टेशन के कैंट पोर्टिको पर भी रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के बैंड ने देशभक्ति के रंग में स्टेशन को सराबोर कर दिया।
यह संगीतमय कार्यक्रम रेलवे सुरक्षा बल के महानिदेशक के निर्देशानुसार आयोजित किया गया था। प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त श्री प्रदीप कुमार गुप्ता एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री विजय प्रकाश पंडित (उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज) के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम की कमान सहायक सुरक्षा आयुक्त श्री विवेक वर्मा ने संभाली।
रेलवे समय सारणी के अनुसार सोलह बजे से शुरू हुए इस एक घंटे के समारोह में उत्तर मध्य रेलवे के बैंड इंचार्ज लक्ष्मी कांत कुशवाह के नेतृत्व में 10 सदस्यीय टीम ने मंच संभाला। उन्होंने ऐतिहासिक गीत ‘वंदे मातरम’ समेत कई देशभक्ति गीतों की मनमोहक एवं ओजस्वी प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में उप मुख्य यातायात प्रबंधक (कानपुर सेंट्रल), सीओ राजकीय रेलवे पुलिस (आरपीएफ), अन्य रेलवे प्रशासनिक अधिकारी, रेलवे सुरक्षा बल तथा राजकीय रेलवे पुलिस के कानपुर सेंट्रल प्रभारी निरीक्षकों के साथ-साथ रेलवे स्टाफ, यात्री एवं आम जनता उपस्थित रही। दर्शकों ने बैंड की इस शानदार प्रस्तुति को खूब सराहा।
कार्यक्रम स्थल पर आकर्षण का एक और केंद्र एक विशेष ‘सेल्फी प्वाइंट’ भी रहा, जिसे ‘बदलते भारत’ की थीम पर सजाया गया था। यहाँ यात्रियों और दर्शकों ने उत्साहपूर्वक सेल्फी लेकर इस राष्ट्रीय उत्सव की यादों को कैद किया।
