*दयानंद गर्ल्स पी.जी. कॉलेज में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस समापन समारोह, विजेता छात्राएं सम्मानित*
कानपुर। दयानंद गर्ल्स पी.जी. कॉलेज, कानपुर में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं का समापन समारोह 24 जनवरी 2026 को हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रश्नोत्तरी, पोस्टर/पेंटिंग, रंगोली एवं निबंध प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर वंदना निगम ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं सामाजिक विरासत को समझने और उसे रचनात्मक माध्यमों से अभिव्यक्त करने का यह आयोजन अत्यंत सराहनीय है। स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रम निदेशक प्रोफेसर अर्चना वर्मा ने छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर डॉ. संचिता लक्ष्मी द्वारा उत्तर प्रदेश विषय पर निर्मित एक डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित सभी शिक्षकों एवं छात्राओं ने सराहा।
प्रतियोगिताओं की प्रभारी प्रो मुकुलिका हितकारी, प्रो पप्पी मिश्रा, प्रो शुभम शिवा, डॉ पूजा श्रीवास्तव, एन एस एस कार्यक्रम अधिकारी डॉ संगीता सिरोही एवं आयोजन समिति के समस्त सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पेंटिंग प्रतियोगिता में सुपर्णा चौहान ने प्रथम, रिद्धि चौधरी ने द्वितीय तथा शगुन श्रीवास्तव ने तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया, जबकि मुस्कान कनौजिया एवं काव्या को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। निबंध प्रतियोगिता में तानिश परवीन प्रथम, नूर सबा द्वितीय एवं अफिया निशा तृतीय रहीं तथा रोज़न हाशमी एवं शाइना अंसारी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। रंगोली प्रतियोगिता में प्रियंशी राठौर ने प्रथम, शाल्या ने द्वितीय एवं ऋद्धि चौधरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि भावना दुबे को सांत्वना पुरस्कार मिला। समापन अवसर पर सभी विजेताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कार्यालय अधीक्षक श्री कृष्णेन्द्र श्रीवास्तव, महाविद्यालय की समस्त प्राध्यापिकाएं, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
