ईस्टर और लेंट की तैयारियों को लेकर यूनाइटेड क्रिश्चियन चर्चेज ऑफ कानपुर की बैठक

कानपुर। यूनाइटेड क्रिश्चियन चर्चेज ऑफ कानपुर की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को चुन्नीगंज स्थित ईसाई ग्रेवयार्ड के हॉलवे में आयोजित की गई। बैठक में कानपुर शहर के विभिन्न डिनॉमिनेशन के पास्टर, फादर एवं अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर मसीही समाज में भविष्य के लिए प्रेम, एकता और मानवता के आपसी संबंधों को और अधिक मजबूत करने पर जोर दिया गया। साथ ही वर्तमान में संचालित एकता एवं सद्भावना अभियान के उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए समाज में शांति और भाईचारे की भावना को आत्मसात करने का संदेश दिया गया।

बैठक में 18 फरवरी से प्रारंभ होने वाले लेंट काल तथा 5 अप्रैल 2026 को प्रातः पारंपरिक रूप से आयोजित होने वाली ईस्टर डॉन सर्विस की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई। बताया गया कि ईस्टर डॉन सर्विस में प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी विभिन्न शहरों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया जाएगा, ताकि प्रभु यीशु मसीह के पुनरुत्थान के पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया जा सके। बैठक की अध्यक्षता रेवरेंड जे.जे. ओलिवर ने की, जबकि सचिव रेवरेंड डायमंड यूसुफ ने विषय बिंदुओं की जानकारी दी। बैठक में रेवरेंड माइकल पत्रास, रेवरेंड हनी क्लॉडियस, मनोज मैकर्टिस, जोशुआ जॉन, मोहित पीटर सहित अनेक धर्मगुरु एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *