दिनांकः 25.01.2026
कानपुर मेट्रोः गणतंत्र दिवस की पूर्वसंध्या पर नृत्य और संगीत के रंगों से सजा मेट्रो स्टेशन
बच्चों द्वारा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर आधारित नृत्य प्रस्तुति ने जीता यात्रियों का मन
कर चले हम फ़िदा..’ और ‘ए मेरे वतन के लोगों..’ से गूंजा मेट्रो स्टेशन
कानपुर मेट्रो ने आज गणतंत्र दिवस की पूर्वसंध्या पर देशभक्ति से ओत-प्रोत विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया। बड़ा चौराहा मेट्रो स्टेशन पर ‘सिंगर्स की दुनिया’ एवं ‘रायमा डांस एकेडमी’ के सहयोग से संगीत एवं नृत्य प्रस्तुतियां आयोजित की गईं, जिनमें शहर के युवा कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर बच्चों द्वारा पहलगाम अटैक एवं ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर आधारित नृत्य नाटिका की सामूहिक प्रस्तुति दी गई, जिसे यात्रियों एवं दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम ने पूरे मेट्रो स्टेशन को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
गणतंत्र दिवस की पूर्वसंध्या आयोजित इस कार्यक्रम की शुरूआत दोपहर लगभग 2 बजे से हुई। इस अवसर पर बाल कलाकारों ने ‘नन्हा मुन्ना राही हूं’, ‘आई लव माय इंडिया’, ‘ऐ वतन मेरे वतन आबाद रहे तू’ जैसे देशभक्ति गीतों पर मनमोहक सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किए। नन्हे कलाकारों की नृत्य नाटिका ने खूब तालियां बटोरीं और वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
इसके बाद शहर के युवा और वरिष्ठ कलाकारों ने अपने भावपूर्ण गीतों से वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’, ‘संदेशे आते हैं’ एवं ‘कर चले हम फ़िदा’ जैसे गीतों को यात्रियों द्वारा विशेष रूप से सराहा गया। कलाकारों ने इस अवसर पर कहा कि, कानपुर मेट्रो न केवल यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध करा रहा है, बल्कि साहित्य, संस्कृति एवं कला को बढ़ावा देने वाले मंच के रूप में भी अपनी विशिष्ट पहचान बना रहा है।
26 जनवरी 2026 को मोतीझील मेट्रो स्टेशन पर रक्तदान शिविर का आयोजन
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसी), संकल्प सेवा समिति एवं बिग एफएम द्वारा गणतंत्र दिवस के अवसर पर कानपुर मेट्रो के मोतीझील स्टेशन पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र एवं उपहार प्रदान किए जाएंगे। मेट्रो यात्री एवं शहरवासी इस नेक कार्य में 26 जनवरी को प्रातः 12ः00 बजे से सायं 5ः00 बजे तक भाग लेकर अपना योगदान दे सकते हैं।
