स्लग : कॉल कर मोड़ पर बुलाया, छात्र की गला रेतकर हत्या
कानपुर देहात। मंगलपुर थाना क्षेत्र के करियाझाला मोड़ पर रविवार शाम 11वीं के छात्र की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। घायल अवस्था में छात्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झींझक ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान सौरभ पाल (17) पुत्र सुभाष पाल निवासी उमरायपुरवा, रूरा थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। वह झींझक में बहन के साथ किराए के मकान में रहकर इंटर कॉलेज में कक्षा 11 का छात्र था। परिजनों के अनुसार शाम को किसी युवक ने कॉल कर उसे करियाझाला मोड़ पर बुलाया, जहां पहुंचते ही हमलावर ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
घटना की सूचना पर पुलिस, एसओजी व सर्विलांस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। मोबाइल कॉल डिटेल व सोशल मीडिया के आधार पर संदिग्धों की तलाश की जा रही है। एएसपी राजेश पांडेय ने बताया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
