*कानपुर से शुक्लागंज उन्नाव को जोड़ने वाले पुल के निर्माण कार्य होगा शुरू, 235 करोड़ की लागत से नए चारलेन गंगा पुल का भूमि पूजन संपन्न*
कानपुर, 26 जनवरी 2026: कानपुर नगर को शुक्लागंज व उन्नाव से जोड़ने वाले नए आधुनिक चारलेन गंगा पुल के निर्माण का शुभारंभ आज यहां हुआ। कानपुर के सांसद श्री रमेश अवस्थी ने पुराने गंगा पुल, पुलिस चौकी गंगा घाट के समीप आयोजित समारोह में परियोजना का भूमि पूजन किया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष श्री सतीश महाना, कानपुर दक्षिण जिला अध्यक्ष श्री शिवराम सिंह तथा सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
परियोजना के मुख्य बिंदु
कानपुर-शुक्लागंज के मध्य गंगा नदी पर लगभग 1200-1700 मीटर लंबे नए चारलेन पुल का निर्माण।
लागत: कुल अनुमानित लागत 235 करोड़ रुपये।
समयसीमा: सांसद रमेश अवस्थी ने घोषणा की कि अगले तीन वर्षों के भीतर, अर्थात अगली लोकसभा चुनाव से पूर्व, यह पुल जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
पुराना पुल जर्जर होने के कारण बंद है। नए पुल के निर्माण के दौरान (लगभग 2 वर्ष) यातायात सुविधा हेतु फरवरी 2026 से एक अस्थायी ‘पीपा पुल’ संचालित किया जाएगा।
वर्तमान स्थिति: राज्य सेतु निगम द्वारा निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। कानपुर की ओर से मृदा परीक्षण आदि का काम जारी है। रेलवे से एनओसी और डिजाइन स्वीकृति जैसी कुछ औपचारिकताएं शेष हैं।
अतिरिक्त विकास इसके साथ ही अटल घाट से शुक्लागंज पुल तक एक नए गंगा रिवर फ्रंट के निर्माण की योजना भी शीघ्र शुरू होने की उम्मीद है।
सांसद रमेश अवस्थी ने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए राज्य सरकार तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पुल कानपुर और उन्नाव के बीच कनेक्टिविटी में क्रांतिकारी सुधार लाएगा, जिससे दैनिक यात्रियों व आर्थिक गतिविधियों को बड़ी राहत मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
यह परियोजना ‘विकसित भारत’ के संकल्प के साथ-साथ ‘विकसित कानपुर’ की दिशा में एक सशक्त कदम मानी जा रही है।
