सेंट्रल व गोविंदपुरी समेत प्रमुख स्टेशनों पर लगेंगे मोबाइल चार्जिंग कियोस्क

कानपुर। यात्रियों की सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में प्रयागराज मंडल द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के निर्देश तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/कोचिंग हरिमोहन के मार्गदर्शन में प्रयागराज मंडल के अंतर्गत प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर मोबाइल चार्जिंग कियोस्क स्थापित किए जाएंगे। इस योजना के तहत कानपुर सेंट्रल और गोविंदपुरी रेलवे स्टेशन को प्रमुख रूप से शामिल किया गया है, जहां यात्रियों को आधुनिक चार्जिंग सुविधा का लाभ मिलेगा।

रेल प्रशासन के अनुसार प्रयागराज मंडल के प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, गोविंदपुरी, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, सूबेदारगंज, फतेहपुर, इटावा, टूंडला और अलीगढ़ रेलवे स्टेशनों पर मोबाइल चार्जिंग कियोस्क की आपूर्ति, स्थापना, संचालन और अनुरक्षण के लिए पांच वर्षों की अवधि का अनुबंध प्रदान किया गया है। यह अनुबंध 13 मार्च 2026 से 12 मार्च 2031 तक प्रभावी रहेगा। परियोजना के अंतर्गत इन 10 स्टेशनों पर कुल 124 मोबाइल चार्जिंग कियोस्क मशीनों की स्थापना की जाएगी।

इन कियोस्कों में डिजिटल और बैकलिट विज्ञापन की सुविधा भी उपलब्ध होगी, जिससे एक ओर यात्रियों को मोबाइल चार्जिंग की सुलभ व्यवस्था मिलेगी, वहीं दूसरी ओर स्टेशन परिसरों का आधुनिकीकरण और सौंदर्यीकरण भी किया जा सकेगा। रेल प्रशासन ने बताया कि इस अनुबंध से रेलवे को वार्षिक लगभग 23.50 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त होगा, जबकि पांच वर्षों में कुल करीब 1.25 करोड़ रुपये की आय होने का अनुमान है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार परियोजना के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *