कानपुर
यातायात उपायुक्त ने किया शहर के प्रमुख मार्गों का निरीक्षण, अवैध पार्किंग व अतिक्रमण हटाने के दिए सख्त निर्देश
कानपुर, 29 जनवरी। शहर में सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस उपायुक्त (यातायात) श्री रवीन्द्र कुमार ने आज गुरुवार को शहर के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चौराहों पर यातायात के बढ़ते दबाव, अवैध पार्किंग व जाम की स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने हैलेट हॉस्पिटल मार्ग, फज़लगंज, बीओबी, नन्दलाल, चावला चौराहा तथा दीप तिराहा सहित अन्य संवेदनशील स्थानों का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि पीक आवर्स के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए और अवैध पार्किंग व अतिक्रमण के खिलाफ नियमित एवं प्रभावी कार्रवाई की जाए।
*अस्पताल मार्गों व आपातकालीन वाहनों पर विशेष ध्यान*
महोदय ने अस्पताल मार्गों पर एम्बुलेंस व अन्य आपातकालीन वाहनों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा मिलनी चाहिए। साथ ही गोविन्द नगर पुल पर अवैध रूप से लगे ठेलों को हटाने के लिए संबंधित एसएचओ को तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।
*राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह: ओवरस्पीडिंग के खिलाफ अभियान*
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत एनएच-34 पर दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। आठ स्थानों पर बैरियर लगाए गए हैं और प्रत्येक 20 किमी पर इंटरसेप्टर मोबाइल तैनात की गई हैं। केवल आज ही एनएच-34 पर 72 वाहनों (07 ट्रक, 03 बस, 62 कार/बाइक) का ओवरस्पीडिंग के लिए चालान किया गया। इसी तरह गंगा बैराज पर 65 वाहन चालकों पर जुर्माना लगाया गया।
*नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई जारी*
कमिश्नरेट पुलिस द्वारा बीते दिन (28 जनवरी) को भी यातायात नियमों का पालन न करने वाले 2366 लोगों पर कार्रवाई की गई, जिनमें रॉन्ग साइड चलाने (274), ट्रिपल सवारी (125) और एचएसआरपी नियमों का उल्लंघन (45) करने वाले वाहनचालक शामिल थे।
*नागरिकों से अपील*
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, रॉन्ग साइड न चलाएं, हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग करें, गति सीमा का पालन करें और शराब पीकर वाहन न चलाएं। किसी भी तरह की असुविधा की स्थिति में ट्रैफिक कंट्रोल रूम (9305104340) या हेल्पलाइन (9305104387) पर संपर्क करने को कहा गया है। साथ ही, सड़क पर एम्बुलेंस को तत्काल रास्ता देकर जीवन रक्षा में योगदान देने की अपील की गई है।
*”सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा है – नियमों का पालन करें व दूसरों को भी प्रेरित करें।”*
