कल्याणपुर मंधना स्थित कुरसौली गांव में आरोग्यधाम ग्वालटोली के सौजन्य से एक निशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का आयोजन हुआ। शिविर में आरोग्यधाम ग्वालटोली के वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ हेमंत मोहन एवं वरिष्ठ होम्योपैथिक स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर आरती मोहन ने 800 से अधिक मरीजों का परीक्षण करके उन्हें निशुल्क होम्योपैथिक दवाएं प्रदान की। शिविर में 250 से अधिक मरीज ऐसे पाए गए जिनमें डेंगू बुखार जैसे लक्षण थे। इस अवसर पर डॉ हेमंत मोहन ने बताया कि बरसात के मौसम में कालरा, उल्टी दस्त, गैस्ट्रोएन्टराइटिस, फूड प्वाइजनिंग, बदहजमी के साथ-साथ मलेरिया, वायरल फीवर, डेंगू, चिकनगुनिया, कंजेक्टिवाइटिस, पीलिया, टाइफाइड , जापानी इंसेफेलाइटिस एवं अन्य अनेक रोगों के होने की संभावना बढ़ जाती है।
डॉक्टर आरती मोहन ने बताया कि बरसात के मौसम में पानी के प्रदूषित होने की संभावना ज्यादा होती है ।
प्रदूषित पानी एवं खाने-पीने की चीजों से कालरा, गैस्ट्रोएंट्राइटिस, दस्त पेचिश आदि गंभीर रोग हो सकते हैं। डॉ अभिषेक सिंह एवं डॉक्टर कार्तिक विश्नोई ने बताया कि डेंगू बुखार से बचने के लिए आसपास की साफ-सफाई पर ध्यान दें, आसपास पानी इकट्ठा ना होने दें, जिससे मच्छर न पनप सके साथ ही मच्छरदानी लेकर सोना चाहिए।बिठूर विधायक श्री अभिजीत सिंह सांगा,ग्राम प्रधान कुरसोली अमित सिंह एवं ग्राम की जनता ने शिविर के लिए चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया एवं कहा कि गांव के ऐसे कठिन समय में आरोग्यधाम का स्वास्थ्य शिविर का यह प्रयास निस्संदेह ही अत्यंत सराहनीय है। कार्यक्रम में, *डॉ अजय शर्मा, डॉक्टर स्मिता अग्रवाल, आर० सी० पाठक, आशीष यादव, श्रुति सिंह, सौम्या सैनी, आर0 एन0 खन्ना, अनुज अवस्थी समेत सम्मानित सदस्य गण उपस्थित रहे।

2021-09-23
