
कानपुर
बी.कॉम छात्र की बीच बाजार पिटाई वीडियो वायरल; काकादेव पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू
कानपुर के काकादेव थाना क्षेत्र स्थित पांडु नगर में सोमवार रात दबंग युवकों द्वारा एक बी.कॉम छात्र की बीच बाजार पिटाई का मामला सामने आया है।वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें करीब छह युवक छात्र को घेरकर थप्पड़ और घूंसे मारते दिखाई दे रहे हैं। शोरगुल सुनकर पास के रेस्टोरेंट कर्मचारियों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।पीड़ित गीता नगर निवासी अमन सोनकर के मुताबिक, सोमवार रात करीब 8 बजे वह अपने दोस्तों के साथ मानस मंच पार्क के पास चाय पीने गया था। आरोप है कि पास की गली में शराब पी रहे युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर युवकों ने तमंचे से हवाई फायरिंग करते हुए उन्हें दौड़ा लिया।पीड़ित अमन ने बताया कि वह किसी तरह जान बचाकर पांडु नगर स्थित सिल्वर स्पून रेस्टोरेंट के पास पहुंचे, लेकिन पीछे से आए आरोपियों ने उन्हें घेरकर मारपीट शुरू कर दी।आसपास मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।काकादेव थाना प्रभारी राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
