कानपुर के पनकी में 10वीं के छात्र ने ट्रेन से कटकर दी जान
मुझे मेरी गली के लड़के ब्लैकमेल कर रहे हैं। मैं जा रहा हूं मरने।
कानपुर। पनकी धाम स्टेशन पर गुरुवार सुबह एक हाईस्कूल छात्र ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक का नाम अनिकेत सैनी उर्फ समीर (17 वर्ष) बताया गया है। घटना के बाद परिजनों को मृतक के आईपैड के कवर में एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें उसने मोहल्ले के एक किशोर द्वारा ब्लैकमेल किए जाने का आरोप लगाया है।
कोचिंग जाने का बहाना बनाकर निकला, घर नहीं लौटा
अनिकेत शास्त्री नगर निवासी अनिल सैनी और पत्नी अनीता के घर का इकलौता बेटा था। परिवार में बड़ी बहन गुनगुन भी है। अनिकेत विजय नगर स्थित बृज पब्लिक स्कूल में 10वीं का छात्र था। उसके चचेरे भाई वैभव ने बताया कि वह रोजाना रात 9 बजे से सुबह 7 बजे तक कोचिंग जाता था। बुधवार शाम वह कोचिंग जाने का बहाना बनाकर घर से निकला, लेकिन वहां नहीं पहुंचा। शिक्षक ने परिजनों को इसकी सूचना दी।
पोस्टमार्टम हाउस में हुई पहचान
परिजन रातभर खोजबीन करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार सुबह वे पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। वहां कपड़े और अधजले हाथ के आधार पर अनिकेत की पहचान हुई। पनकी जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि छात्र की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई।
सुसाइड नोट में लिखा दर्दनाक संदेश
अनिकेत के आईपैड कवर में मिला नोट इस बात का सबूत है कि वह मानसिक तनाव में था। नोट में उसने लिखा—
“मैं समीर सैनी हूं। मुझे मेरी गली के लड़के ब्लैकमेल कर रहे हैं। मैं जा रहा हूं मरने। इसको कड़ी से कड़ी सजा मिले। वह लड़की की कोई गलती नहीं है। मैं ही उसे परेशान करता था।”
सोशल मीडिया पोस्ट से शुरू हुआ ब्लैकमेल
परिजनों ने बताया कि जनवरी में स्कूल के एक फंक्शन में अनिकेत ने एक छात्रा के साथ फोटो खिंचवाई थी, जिसे उसने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। उसी फोटो का स्क्रीनशॉट लेकर इलाके का एक किशोर उसे ब्लैकमेल करने लगा, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान था।
पुलिस जांच में जुटी
पनकी जीआरपी ने सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि ब्लैकमेल करने वाले किशोर की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
