कानपुर; दिनांकः 05.02.2026
कानपुर मेट्रोः कॉरिडोर-2 एलिवेटेड सेक्शन के विजय नगर चौराहा और बर्रा-8 स्टेशन लेने लगे आकार; निर्माणाधीन दोनों स्टेशनों के सभी डबल टी-गर्डर्स का इरेक्शन हुआ पूरा
मेट्रो स्टेशन के तेज निर्माण के लिए होता है डबल टी-गर्डर का प्रयोग, स्टेशन बॉक्स को देता है आधार
कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के कॉरिडोर-2 के अंतर्गत बन रहे एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी-बर्रा-8 एलिवेटेड सेक्शन का निर्माण कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहा है। लगभग 4.50 किमी लंबे उक्त सेक्शन के निर्माणाधीन विजय नगर चौराहा और बर्रा-8 स्टेशन पर डबल टी-गर्डर्स के परिनिर्माण (इरेक्शन) का काम पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही इन दोनों स्टेशनों के स्टेशन बॉक्स की रूपरेखा अब आकार लेती दिखने लगी है।
कानपुर मेट्रो की एलिवेटेड अवसंरचना में स्टेशन-बॉक्स को आधार देने के लिए डबल टी-गर्डर्स का प्रयोग किया जाता है। कॉरिडोर-2 एलिवेटेड सेक्शन के लिए कुल 141 डबल टी-गर्डर्स प्रस्तावित है, जिनमें से आधे से अधिक का इरेक्शन किया जा चुका है। निर्माणाधीन विजय नगर चौराहा स्टेशन का आधार तैयार करने के लिए कुल 44 और बर्रा-8 स्टेशन के लिए कुल 21 डबल टी-गर्डर्स का इरेक्शन किया गया। इससे पहले जनवरी 2026 में ही उक्त कॉरिडोर के बर्रा-7 स्टेशन पर भी डबल टी- गर्डर्स के इरेक्शन का कार्य पूरा किया जा चुका है।
कानपुर मेट्रो की इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक श्री सुशील कुमार ने कहा, “कॉरिडोर-1 के बैलेंस सेक्शन (कानपुर सेंट्रल–नौबस्ता) की भांति ही कॉरिडोर-2 के एग्रिकल्चर यूनिवर्सिटी–बर्रा-8 एलिवेटेड सेक्शन का सिविल निर्माण कार्य भी तीव्र गति से प्रगति पर है, जिसे वर्ष 2026 के अंत तक पूर्ण कर लिया जाएगा। हम छोटे-छोटे लक्ष्य निर्धारित कर रहे हैं और उनको समय पर पूरा करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। देश के अंदर एलिवेटेड मेट्रो स्टेशन के कॉनकोर्स लेवल को आधार देने के लिए सबसे पहले डबल टी-गर्डर्स का प्रयोग कानपुर मेट्रो ने ही किया था। उत्तर प्रदेश मेट्रो के इंजीनियरों की टीम शहरवासियों को समयबद्ध तरीके से मेट्रो सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्यरत है।”
गौरतलब है कि लगभग 24 किमी लंबे कॉरिडोर-1 (आईआईटी-नौबस्ता) के अंतर्गत कानपुर मेट्रो की यात्री सेवाएं आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक लगभग 16 किमी लंबे रूट पर चल रहीं हैं। कॉरिडोर-1 के बैलेंस सेक्शन (कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता) पर टेस्टिंग प्रक्रिया जल्द शुरू होने वाली है। लगभग 8.60 किमी लंबे कॉरिडोर-2 (सीएसए-बर्रा 8) के अंतर्गत लगभग 4.50 किमी एलिवेटेड सेक्शन (एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी-बर्रा-8) और लगभग 4.10 किमी लंबा अंडरग्राउंड सेक्शन (रावतपुर – डबल पुलिया) का सिविल निर्माण कार्य भी तेजी से बढ़ रहा है।
