कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के सांसद-विधायक कार्यकर्ताओं को सिनेमाघरों में दिखाएंगे ‘गोदान’ फिल्म
कानपुर गौ रक्षा एवं भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित फिल्म ‘गोदान’ को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने एक विशेष अभियान प्रारंभ किया है। भाजपा प्रदेश नेतृत्व एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के सभी सांसद एवं विधायक अपने- अपने जिलों में सिनेमाघरों के माध्यम से यह फिल्म भाजपा कार्यकर्ताओं को दिखाएंगे।क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने जानकारी देते हुए बताया कि कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधि अपने स्तर से टिकट क्रय कर कार्यकर्ताओं को निःशुल्क यह फिल्म दिखाएंगे। यह फिल्म आज से प्रदेश के विभिन्न सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। उन्होंने कहा कि ‘गोदान’ फिल्म गौ माता की रक्षा, ग्रामीण जीवन, भारतीय परंपरा एवं संस्कारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती है, जिसे देखना प्रत्येक कार्यकर्ता और आमजन के लिए प्रेरणादायक है।श्री पाल ने कहा कि यह अभियान केवल फिल्म प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसके माध्यम से गौ संरक्षण, सांस्कृतिक चेतना एवं सामाजिक दायित्व के प्रति जनजागरण का कार्य भी किया जाएगा। सभी पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि स्वयं फिल्म देखेंगे और अधिक से अधिक आम नागरिकों को भी इसे देखने के लिए प्रेरित करेंगे।
क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने बताया कि कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के सभी जिला अध्यक्षों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं। जिला स्तर पर समन्वय बनाकर सिनेमाघरों में कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि यह अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
भाजपा का यह प्रयास समाज में गौ रक्षा एवं भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति सकारात्मक संदेश देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
