चकेरी में दिनदहाड़े चेन लूट, स्कूटी से टक्कर मार महिला को गिराकर बदमाश फरार

 

कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर दिनदहाड़े महिला से चेन लूट की घटना सामने आई है। हरजिंदर नगर स्थित अवस्थी नर्सिंग होम के पास स्कूटी सवार दो बदमाशों ने पीछे से टक्कर मारकर महिला को गिरा दिया और गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल रहा।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार सनिगवां के गणेशपुर निवासी रेखा राजपूत अपने देवर अभिषेक राजपूत के साथ सुबह कचहरी गई थीं। दोपहर करीब 2:30 बजे घर लौटते समय पीछे से आए स्कूटी सवार युवकों ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से रेखा राजपूत सड़क पर गिर गईं, जिससे उनके दाहिने हाथ में गंभीर चोट आई, जबकि अभिषेक को मामूली चोटें आईं।मौका पाकर बदमाश रेखा राजपूत के गले से करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत की सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। पीड़िता ने बताया कि वह अपने पति रणविजय की वर्ष 2018 में हुई हत्या के मामले की तारीख पर कचहरी गई थीं और वापस लौटते समय यह वारदात हुई।घटना की सूचना 112 नंबर पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। उपचार के बाद पीड़िता ने चकेरी थाने में तहरीर दी है। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र के अनुसार तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।*

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *