कानपुर पुलिस का सख्त अभियान: ‘ऑपरेशन कार-ओ-बार’ से सार्वजनिक स्थल हुए असामाजिक तत्वों से मुक्त
कानपुर महिला सुरक्षा एवं सार्वजनिक शांति को सुनिश्चित करने के लिए कानपुर पुलिस ने ‘ऑपरेशन कार-ओ-बार’ के तहत शुक्रवार को एक बार फिर व्यापक एवं सघन अभियान चलाया। इस अभियान में खुले में शराब पीकर उपद्रव एवं छेड़छाड़ करने वाले तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई।
पुलिस आयुक्त कानपुर नगर को जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों की ओर से शिकायतें मिल रही थीं कि शहर के विभिन्न पार्कों, प्रमुख सड़कों, चौराहों, शैक्षणिक संस्थानों के आसपास कुछ असामाजिक तत्व खुलेआम शराब पीकर जमावड़ा करते हैं और महिलाओं, बच्चों एवं छात्र-छात्राओं के साथ छेड़खानी एव अभद्र व्यवहार करते हैं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए यह अभियान चलाया गया।
कमिश्नरेट के सभी थाना क्षेत्रों में चले इस विशेष अभियान के दौरान शहर के संवेदनशील एवं सार्वजनिक स्थलों सहित कुल 246 स्थानों पर पुलिस टीमों ने चेकिंग की। इस दौरान खुले में शराब का सेवन करते पाए गए 1017 व्यक्तियों की जांच की गई।
जांच के बाद 710 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 34 पुलिस एक्ट के तहत चालान किया गया। वहीं, शराब पीकर वाहन चलाने एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 237 व्यक्तियों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
*चेतावनी जारी*
कानपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीने, अवांछित व्यवहार, छेड़खानी या शांति भंग करने की गतिविधियों में लिप्त पाया गया, तो उसके खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के साथ-साथ गुंडा अधिनियम के तहत भी कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि वह महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, सार्वजनिक स्थलों की गरिमा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे कानून का पालन करें, अनुशासित रहें और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या उपद्रव में शामिल न हों। साथ ही, ऐसी गतिविधियों के दर्शक होने पर पुलिस को सूचित करें।
कानपुर पुलिस ने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा और शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।
