होली पर यात्रियों को राहत, गोविंदपुरी होकर चलेंगी दो स्पेशल ट्रेनें

…सूबेदारगंज–शकूरबस्ती विशेष गाड़ियां

कानपुर। रंगों के पर्व होली के अवसर पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इसी क्रम में सूबेदारगंज–शकूरबस्ती के बीच दो जोड़ी होली विशेष गाड़ियों के संचालन के साथ ही सूबेदारगंज–बांद्रा टर्मिनल सुपरफास्ट विशेष गाड़ी की संरचना में भी संशोधन किया गया है, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिल सके।

रेल प्रशाशन के मुताबिक गाड़ी संख्या 02275 सूबेदारगंज–शकूरबस्ती होली विशेष प्रत्येक मंगलवार को 3 से 31 मार्च तक कुल पांच फेरे लगाएगी, जबकि वापसी में गाड़ी संख्या 02276 शकूरबस्ती–सूबेदारगंज प्रत्येक बुधवार को 4 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक चलेगी। इसके अलावा गाड़ी संख्या 02421 सूबेदारगंज–शकूरबस्ती होली विशेष प्रत्येक रविवार को 1 से 29 मार्च तक तथा गाड़ी संख्या 02422 शकूरबस्ती–सूबेदारगंज प्रत्येक सोमवार को 2 से 30 मार्च 2026 तक कुल पांच-पांच फेरे लगाएगी। इन दोनों विशेष गाड़ियों में 22 डिब्बों की संरचना रखी गई है, जिसमें सामान्य, स्लीपर, एसी तृतीय, एसी द्वितीय, एसी प्रथम एवं इकोनॉमिक श्रेणी के कोच शामिल होंगे।

इन विशेष ट्रेनों का गोविंदपुरी स्टेशन पर ठहराव रहेगा। सूबेदारगंज से चलकर ये गाड़ियां फतेहपुर, गोविंदपुरी, इटावा, टुंडला, अलीगढ़, गाजियाबाद होते हुए दिल्ली और शकूरबस्ती पहुंचेंगी, वहीं वापसी में इन्हीं स्टेशनों से होते हुए सूबेदारगंज आएंगी।

इसके साथ ही रेल प्रशासन ने गाड़ी संख्या 04125/04126 सूबेदारगंज–बांद्रा टर्मिनल सुपरफास्ट विशेष गाड़ी की संरचना में भी संशोधन किया है। यह गाड़ी सूबेदारगंज से प्रत्येक सोमवार को 2 से 30 मार्च 2026 तक तथा बांद्रा टर्मिनल से प्रत्येक मंगलवार को 3 से 31 मार्च 2026 तक कुल पांच फेरे लगाएगी। संशोधित संरचना के तहत अब इस ट्रेन में कुल 22 डिब्बे होंगे, जिनमें स्लीपर, एसी तृतीय, एसी द्वितीय, सामान्य तथा इकोनॉमिक श्रेणी के अतिरिक्त कोच जोड़े गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *