अंत्योदय और एकात्म मानववाद के प्रणेता थे पं दीनदयाल उपाध्याय

 

कानपुर। भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्य एवं अंत्योदय और एकात्म मानववाद के प्रणेता पं दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि को भारतीय जनता पार्टी दक्षिण जिला द्वारा बुधवार को ‘समर्पण दिवस’ के रूप में श्रद्धा और संकल्प के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, प्रदेश, क्षेत्र, जिला एवं मण्डल पदाधिकारियों के साथ शक्तिकेंद्र और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

केशव नगर स्थित राधे ग्रीन गेस्ट हाउस में आयोजित संगोष्ठी का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष प्रकाश पाल, पूर्व मंत्री पं. बालचंद्र मिश्र एवं दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। तत्पश्चात सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पं दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि 25 सितंबर 1916 को जन्मे पं दीनदयाल उपाध्याय आधुनिक भारत की वैचारिक धारा के सशक्त स्तंभ थे। उन्होंने अंत्योदय—अर्थात समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान—और एकात्म मानववाद के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। उनका मानना था कि जब तक देश से निर्धनता और अशिक्षा दूर नहीं होगी, तब तक वास्तविक प्रगति संभव नहीं है।

उन्होंने कहा कि भारतीयता, धर्म, राष्ट्रवाद और अंत्योदय की अवधारणा ही भारत को पुनः विश्वगुरु के पद पर प्रतिष्ठित कर सकती है। भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ने सुशासन और ग्रामीण उत्थान के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में पं दीनदयाल के पदचिन्हों का अनुसरण किया। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘लोकल से वोकल’ और आत्मनिर्भर भारत का अभियान उनके ही आदर्शों को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंत्योदय की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया है। आज केंद्र सरकार की नीतियों में पं दीनदयाल उपाध्याय के विचार स्पष्ट रूप से परिलक्षित होते हैं।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने पार्टी के प्रति तन-मन से समर्पित रहने का संकल्प लिया और समर्पण राशि अर्पित की।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से पूनम द्विवेदी, पूर्व विधायक रघुनंदन भदौरिया, कौशल किशोर दीक्षित, प्रकाश वीर आर्य, भूपेंद्र त्रिपाठी, राम बहादुर यादव, गणेश शुक्ला, जसविंदर सिंह, मनीष त्रिपाठी, शिवम मिश्रा, अनुराग शुक्ला, अरविन्द वर्मा, अर्जुन बेरिया सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *