3 साल बाद फिर पटरी पर लौटेगी कानपुर चिड़ियाघर की टॉय ट्रेन
कानपुर। चिड़ियाघर आने वाले बच्चों और परिवारों की पहली पसंद रही टॉय ट्रेन अब एक बार फिर दौड़ने को तैयार है। वर्ष 2022 में हुए दर्दनाक हादसे के बाद बंद की गई इस ट्रेन को दोबारा शुरू करने की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। जू प्रशासन का दावा है कि अगले तीन महीनों के भीतर सभी तकनीकी कमियां दूर कर ट्रेन का संचालन फिर से शुरू कर दिया जाएगा। इस बार पूरा फोकस सुरक्षा इंतजामों पर रहेगा, ताकि भविष्य में कोई अप्रिय घटना न हो।
टॉय ट्रेन को सुरक्षित बनाने के लिए चिड़ियाघर प्रशासन ने Harcourt Butler Technical University (HBTU) और Rail Coach Factory Raebareli के विशेषज्ञों से विस्तृत तकनीकी जांच कराई। जांच रिपोर्ट में पटरियों के पास लगे खतरनाक पिलरों को हटाने या सुरक्षित दूरी पर शिफ्ट करने की सिफारिश की गई है।
इसके अलावा पूरी ट्रैक लाइन की मरम्मत, लेवलिंग और तकनीकी अपग्रेडेशन किया जाएगा। सभी सुधार कार्य पूरे होने के बाद विशेषज्ञों की टीम दोबारा निरीक्षण करेगी। उनकी अनुमति के बाद ही ट्रेन को हरी झंडी मिलेगी।
चिड़ियाघर के निदेशक डॉ. कन्हैया पटेल के मुताबिक, इस बार ट्रेन को पुराने सिस्टम पर नहीं चलाया जाएगा। प्लेटफॉर्म के पास मौजूद पिलरों को हटाया या सुरक्षित दूरी पर शिफ्ट किया जाएगा। पटरियों की पूरी मरम्मत के साथ संचालन से जुड़े सभी सुरक्षा मानकों की दोबारा जांच होगी। रेल कोच फैक्ट्री के मानकों पर खरा उतरने के बाद ही ट्रेन को दोबारा शुरू किया जाएगा।
जू प्रशासन ने तीन महीने के भीतर सभी कार्य पूरे कर ट्रेन को फिर से शुरू करने का लक्ष्य तय किया है। टॉय ट्रेन के दोबारा चलने से बच्चों और पर्यटकों में उत्साह लौटेगा, साथ ही चिड़ियाघर की आय में भी इजाफा होने की उम्मीद है। प्रशासन का कहना है कि इस बार सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और ट्रेन पूरी तरह सुरक्षित माहौल में चलाई जाएगी।
26 नवंबर 2022 को हुआ था दर्दनाक हादसा
26 नवंबर 2022 को टॉय ट्रेन हादसे में 40 वर्षीय शिक्षिका अंजू शर्मा की मौत हो गई थी। परिवार के साथ चिड़ियाघर घूमने आई अंजू ट्रेन में चढ़ते समय प्लेटफॉर्म पर लगे पिलर से टकराकर गिर गईं और ट्रेन की चपेट में आ गईं। परिजन उन्हें तत्काल हैलट अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद उनकी बेटी अदिति ने आरोप लगाया था कि ट्रेन चलने लगी और ड्राइवर ने समय रहते ट्रेन नहीं रोकी। हादसे के बाद प्रशासन ने तत्काल टॉय ट्रेन का संचालन बंद कर दिया था।
