कानपुर को भाजपा ने बना दिया ‘बदनामपुर’, प्रदेश में निकले माफियाओं के ‘लेटेस्ट वर्जन’-अखिलेश यादव

 

​कानपुर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव जी आज कानपुर दौरे पर रहे। वे यहाँ महानगर अध्यक्ष हाजी फज़ल महमूद के निज निवास पर उनके नवविवाहित पुत्र और पुत्रवधू को आशीर्वाद देने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से वार्ता करते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार और कानून व्यवस्था पर जमकर निशाना साधा।

​कानपुर को बना दिया ‘बदनामपुर’

श्री यादव ने कानपुर की वर्तमान स्थिति पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा ने इस ऐतिहासिक शहर का नाम “बदनामपुर” बना दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भू-माफियाओं के खिलाफ एक्शन लेने की बात करते हैं, लेकिन हकीकत यह है कि कानपुर में खुद भाजपा नेताओं को ही भू-माफियाओं के खिलाफ प्रदर्शन करना पड़ रहा है। भू-माफियाओं के चक्कर में कई दुकानें और घर गिराए जा चुके हैं। जब शहर की ऐसी छवि होगी, तो यहाँ निवेश कौन करेगा?

 

सरकार पर हमला बोलते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री जी पुराने माफियाओं की रट लगाते हैं, लेकिन उनके राज में माफियाओं के नए ‘लेटेस्ट वर्जन’ सामने आए हैं। प्रदेश में अब “एनकाउंटर माफिया, कफ सिरप माफिया, नीट (NEET) माफिया और स्कैम माफिया” सक्रिय हैं।

​बिजली व्यवस्था ध्वस्त बजट और इंफ्रास्ट्रक्चर पर बोलते हुए श्री अखिलेश यादव ने कहा कि कानपुर को इंफ्रास्ट्रक्चर चाहिए था, जिसमें बिजली सबसे महत्वपूर्ण है। बिना बिजली के कोई कारखाना नहीं लग सकता। उन्होंने कहा, “पनकी और लिग्नाइट (Lignite) के कारखाने हमारी प्राथमिकता थे। हमारी सरकार में घाटमपुर में कारखाना लग रहा था, जिससे न केवल कानपुर बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश और देश को सस्ती बिजली मिलती, जो आज नहीं मिल पा रही है। आज पूरे प्रदेश में बिजली व्यवस्था चरमरा गई है।”

 

कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की पुलिस का अब एक ही नारा है- “हथेली गरम, पुलिस नरम”। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि कानपुर के एनकाउंटर माफिया तो इतने चर्चित हैं कि उन्हें अब बॉलीवुड वालों से भी फोन आ रहे हैं। वहीं, एक चर्चित आईएएस प्रकरण पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि “भाजपा वाले बड़े चालाक हैं, जो लोग उस आईएएस को फंसा रहे थे, उन उद्योगपतियों को कोर्ट कब जेल भेजेगा?”

 

भविष्य की योजनाओं पर बात करते हुए श्री यादव ने कहा कि हम “इटावा, कन्नौज और कानपुर” को मिलाकर ‘ट्रायंगल ट्रेड’ (Triangle Trade) के नाम से इस क्षेत्र का विकास करने का काम करेंगे।

 

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से महानगर अध्यक्ष हाजी फज़ल महमूद, महासचिव संजय सिंह बंटी सेंगर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेंद्र यादव मिंटू, सचिन टांगड़ी, राजा रामपाल, ओम प्रकाश मिश्रा, सतीश निगम, शबाब अबरार, परमवीर सिंह गंभीर, आनंद शुक्ला, रजत मिश्रा, महेंद्र सिंह, अर्पित त्रिवेदी, शादाब आलम, दीपक खोटे, अरमान खान, मुमताज मंसूरी, जस्वेंद्र प्रताप निषाद, आकाश यादव आदि लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *