नई दिल्ली में उड्डयन मंत्री से मिले सांसद
कानपुर से दिल्ली की एक और फ्लाइट जल्द होगी शुरू
कोलकाता–अहमदाबाद–पुणे के लिए भी उठाई मांग
कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने आज नई दिल्ली में भारत सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से भेंट कर कानपुर से दिल्ली के लिए एक अतिरिक्त उड़ान प्रारंभ किए जाने की मांग की। सांसद ने इसके साथ ही कानपुर से कोलकाता, अहमदाबाद और पुणे के लिए भी सीधी हवाई सेवाएं शुरू करने का आग्रह किया।सांसद ने मंत्री को अवगत कराया कि औद्योगिक नगरी कानपुर से बड़ी संख्या में व्यापारी, उद्योगपति, छात्र एवं आम नागरिक दिल्ली सहित देश के विभिन्न महानगरों की यात्रा करते हैं। वर्तमान में सीमित उड़ानों के कारण यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। ऐसे में दिल्ली के लिए एक और नियमित फ्लाइट अत्यंत आवश्यक है।इस पर उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने सांसद को आश्वस्त किया कि कानपुर से दिल्ली के लिए एक और फ्लाइट जल्द प्रारंभ की जाएगी। उन्होंने मौके पर मौजूद IndiGo के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे कानपुर–दिल्ली सेक्टर में शीघ्र अतिरिक्त उड़ान शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाएं।
सांसद रमेश अवस्थी ने कोलकाता, अहमदाबाद और पुणे जैसे प्रमुख व्यापारिक एवं शैक्षणिक शहरों के लिए भी सीधी उड़ान सेवा प्रारंभ करने की मांग रखते हुए कहा कि इससे कानपुर के औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार के अवसरों को नई गति मिलेगी।
मुलाकात के दौरान सिविल एयरपोर्ट के चेयरमैन भी उपस्थित रहे और उन्होंने कानपुर एयरपोर्ट की वर्तमान स्थिति तथा संभावित विस्तार योजनाओं की जानकारी मंत्री को दी।
सांसद ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार के सकारात्मक सहयोग से कानपुर को शीघ्र ही बेहतर हवाई कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे शहर के विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।
